ओवरब्रिज बंद : नेहरू नगर रोड पर यातायात दबाव, दिनभर जाम
-नेहरू नगर ओवरब्रिज पर बनाई जा रही है नई सड़क
-करीब 10 दिनों तक आना-जाना पूरी तरह रहेगा बंद
-पहले ही दिन नेहरू नगर रोड पर यातायात होता रहा जाम
बाड़मेर
Published: April 06, 2022 10:24:59 pm
बाड़मेर. शहर के यातायात की लाइफ लाइन नेहरू नगर ओवरब्रिज बंद होने के कारण ट्रैफिक की सांसें उखडऩे लगी है। पहले ही दिन नेहरू नगर रोड पर वाहनों का दबाव सुबह से लेकर शाम तक इतना अधिक रहा कि जाम में वाहन फंसते रहे। इस बीच रेलवे फाटक बंद होने के दौरान तो करीब यहां पर आधा किमी तक वाहनों की कतारें दोनों तरफ लग गई। फाटक खुलने के बाद भी काफी देर तक वाहन चालकों को निकलने की जगह नहीं मिल पाई। उल्लेखनीय है कि ओवरब्रिज पर सड़क का नवनिर्माण किया जा रहा है। इसके कारण सार्वजनिक निर्माण विभाग ने इसे 16 अप्रेल सुबह तक बंद किया है।
राह के रोड़े भी नहीं हो रहे कम
नेहरू नगर रोड पर पूरे दिन दोनों चार पहिया वाहनों की पार्किंग रहती है। इसके कारण यहां से वाहनों का निकलना दूभर हो रहा है। सड़क करीब 50 फीट से अधिक चौड़ी है। लेकिन वाहनों के खड़े रहने से यह 20 फीट से भी कम रह जाती है। अब इसी मार्ग से छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही होने से यहां वाहन चालक के सुरक्षित निकलना किसी चुनौती से कम नहीं है।
कोई यातायातकर्मी नहीं तैनात
इस मार्ग पर अब सबसे अधिक वाहनों का दबाव बढ़ा है। लेकिन यहां पर पहले दिन कोई यातायात का कोई सिपाही तैनात नहीं दिखा। सुबह जरूर एक बार गाड़ी आई और वाहन चालकों को निर्देश देकर चली गई। इसके बाद वाहन चालक रामभरोसे ही चलते रहे। जबकि यहां पर बार-बार जाम की स्थिति होती रही, लेकिन यहां से वाहनों को सही तरीके से निकलाने वाला कोई नहीं था। जबकि यहां पर नेहरू नगर रोड के दोनों तरफ कार्मिकों की जरूरत है, जिससे यातायात सुचारू रूप से चल सके।
2015 में भी रहा था पुल बंद
बाड़मेर शहर का नेहरू नगर पुल मई 2015 के पहले सप्ताह में बंद हुआ था। इस दौरान यहां पुल पर क्रेक आ गए थे और मरम्मत के चलते यह काफी दिनों तक पूरी तरह से बंद रहा था। इसका निर्माण होने के बाद सितम्बर 2013 में यातायात के लिए शुरू किया गया था। अब निर्माण के बाद दूसरी बार 5 अप्रेल को सड़क मरम्मत के कारण फिर से 10 दिनों तक बंद किया गया है।

ओवरब्रिज बंद : नेहरू नगर रोड पर यातायात दबाव, दिनभर जाम
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
