पेड़ लगाकर बड़ा करना ही पर्यावरण सरंक्षण - न्यायाधीश सिंह
101 पौधे लगाकर किया हरियाळो राजस्थान अभियान का शुभारम्भ
विद्यार्थियों ने लिया पौधों के सरंक्षण का संकल्प
बाड़मेर. राजस्थान पत्रिका की ओर से रविवार को जिले भर में हरियाळो राजस्थान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों व संस्थाओं की ओर से पौधरोपण किया गया। शहर के राजकीय पीजी महाविद्यालय में एनसीसी व उजास ओपन स्काउट रोवर दल की ओर से पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान 101 पौधे लगाकर पर्यावरण सरंक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि न्यायाधीश राजेन्द्रसिंह ने कहा कि वातावरण को शुद्ध रखने में पौधों की अहम भुमिका है। परंतु बीते कुछ समय से जिस तरह से पौधों की संख्या कम हुई है। उससे वातावरण दूषित हुआ है। वातावरण को दूषित होने से बचाने के लिए हमें अधिक से अधिक पौधारोपण करना चाहिए।
पेड़ लगाकर उसे बड़ा करना ही पर्यावरण सरंक्षण है। नगर परिषद आयुक्त पवन मीणा ने कहा कि मनुष्य व पेड़ का गहरा सम्बंध है। ये दोनों एक दूसरे के बिना अधूरे है। प्रत्येक मनुष्य एक पेड़ भी लगा दे तो धरा हरी भरी हो जाएगी। इस मौके पर नवीन पहल करते हुए जुलाई माह में जिन विद्यार्थियों के जन्मदिन आते है उनसे एक एक पौधा लगाया गया।
वहीं राज्य पुष्प वृक्ष रोहिड़ा के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं उनके संरक्षण के उद्देश्य से अब राज्य के प्रत्येक सरकारी महाविद्यालय में इनको रोपा जा रहा है। रविवार की रोज राजकीय पीजी कॉलेज में इस अभियान की शुरुआत एनसीसी कैडेट्स ने की। एनसीसी कैडेट्स ने ना केवल रोहिड़े के पौधे लगाए साथ ही इन्हें जिंदगी भर बचाने का प्रण भी लिया। कैप्टन आदर्श किशोर जाणी ने एनसीसी कैडेट्स को पर्यावरण सरंक्षक की सीख दी।
राज्य भर में इस सप्ताह ऑपरेशन रोहिड़ा शुरू किया है। इस बारे में कॉलेज शिक्षा आयुक्तालय ने सभी कॉलेज प्राचार्यो को निर्देश जारी किए है। आयुक्तालय के संंंयुक्त निदेशक अकादमिक डॉ. आरसी मीणा ने २८ जून को सभी महाविद्यालयों के प्राचार्यो को इस सम्बन्ध में निर्देश जारी किए।
उन्होंने बताया कि ऑपरेशन रोहिड़ा के तहत राजकीय महाविद्यालयों में इसका पौधारोपण करना सुनिश्चित किया जाए। इधर बाड़मेर कॉलेज प्रशासन ने विभागीय निर्देश मिलने के बाद इस बार मानसून सीजन में रोहिड़ा का पुष्प रोपने के अभियान को रविवार को विधिवत शुरू कर दिया है।
अब पाइए अपने शहर ( Barmer News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज