छतों पर शहर, खूब उड़ी पतंग
https://www.patrika.com/barmer-news/
The city on the rooftops, the well made kite
आज भी रहेगा पुण्यकाल : मकर संक्रांति पर दान-दक्षिणा का चला दौर
छतों पर शहर, खूब उड़ी पतंग
बाड़मेर. जिले में सोमवार को मकर सक्रांति का पर्व श्रद्धा के साथ मनाया। इस दौरान पुण्यकाल में लोगों ने दान-दक्षिणा देते हुए परम्परा का निर्वाह किया। महिलाओं ने तिल के लड्डू, फल, नारियल, बर्तन, खजूर, कम्बल सहित कई वस्तुओं के दान के साथ तिल के उत्पाद, कपड़े व अन्य जरूररत की 13 चीजों का दान किया। शहर के मंदिरों में भी सुबह से दर्शन करने वालों का तांता लगा रहा। सुबह से लेकर शाम तक दान-दक्षिणा का दौर चलता रहा। पशुओं को हरा चारा, गुड़ आदि का दान किया गया। महिलाओं ने खुशहाली की कामना की। सूर्य के मकर राशि में प्रवेश सोमवार की रात को हुआ। इसलिए संक्रांाति का पुण्यकाल मंगलवार को पूरे दिन रहेगा।
सुबह व शाम को दो घंटे तक नहीं कर सकेंगे पतंगबाजी : जिले में पतंगबाजी में चाइनीज एवं प्लास्टिक निर्मित मांझे के इस्तेमाल पर जिला मजिस्ट्रेट ने आदेश जारी कर रोक लगाई है। इसके अलावा सुबह 6 से 8 बजे एवं शाम 5 से 7 बजे तक किसी भी मांझे से पतंगबाजी पर पूर्णतया प्रतिबंध रहेगा। इसकी पालना नहीं करने पर दोषी व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिला मजिस्ट्रेट हिमांशु गुप्ता ने दंड प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 144 में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जिले में मकर संक्रांति पर्व पर पतंगबाजी में उपयोग लिए जाने वाले करंट प्रवाहित करने वाले मांझे, प्लास्टिक अथवा इस प्रकार के चाइना निर्मित सिन्थेटिक मेटेरियल से बने एवं अन्य टाक्सिक मेटेरियल जैसे आयरन पाउडर, ग्लास पाउडर से बने पक्के धागे को पूर्णतया प्रतिबंधित किया है।
आदेश के अनुसार इस प्रकार के धागे एवं मांझे का पतंगबाजी के लिए कोई भी व्यक्ति उपयोग नहीं करेगा और न ही किसी व्यक्ति को उपयोग अथवा विक्रय की अनुमति दी जाएगी। यह आदेश 20 जनवरी तक प्रभावशील रहेगा।
शिव . उपखंड सहित क्षेत्र के गांवों में सोमवार को ग्रामीणों ने मकर संक्रांति पर जमकर दान-पुण्य किया। वहीं दिनभर पतंगबाजी का भी दौर चला। लोगों ने गायों को हरा चारा खिलाया।
महिलाओं ने धर्मराज की बात सुन 13 वस्तुओं का कन्याओं को दान किया। घरों में तिल व तेल के व्यंजन बनवाए गए।
इधर मांझे से हो गए दो लोगों के घाव
शहर में होने वाली पतंगबाजी के दौरान महाबार फाटक के पास एक युवक वाहन चलाते समय मांझे में अटक गया। इस दौरान उसके नाक व चेहरा पर कट लग गए। इसी प्रकार एक अन्य वाहन सवार युवक के कान पर कट लग गया। दोनों ने राजकीय चिकित्सालय में उपचार करवाया।
Home / Barmer / छतों पर शहर, खूब उड़ी पतंग