scriptबीबीए की छात्रा लेगी दीक्षा, बनेगी जैन साध्वी | BBA student will initiate | Patrika News

बीबीए की छात्रा लेगी दीक्षा, बनेगी जैन साध्वी

locationबड़वानीPublished: Dec 21, 2018 10:50:06 am

संतों के सानिध्य मेें मन में आया वैराग्य, सांसरिक सुख त्याग जाएगी अध्यात्म में, माता-पिता ने भी निर्णय पर जताई सहमति, कहा हमारे लिए गौरव की बात

BBA student will initiate

BBA student will initiate

खबर लेखन : मनीष अरोरा
ऑनलाइन खबर : विशाल यादव
बड़वानी. संतों के सानिध्य में मन में ऐसा वैराग्य आया कि इंदौर में बीबीए, सीपीटी कर रही 22 वर्षीय छात्रा ने सांसरिक सुखों को त्याग कर अध्यात्मिक संसार में जाने का निर्णय लिया। जिले के छोटे से गांव बलवाड़ी की रहने वाली छात्रा 10 फरवरी को दीक्षा लेकर जैन साध्वी बनेगी। बेटी के इस निर्णय से माता पिता भी सहमत है।गुरुवार को बलवाड़ी की इस छात्रा ने बड़वानी पहुंचकर यहां आईं जैन साध्वियों का सत्कार किया।
वैराग्य का रास्ता अपनाने का लिया निर्णय
बलवाड़ी निवासी सराफा व्यवसायी महावीर सुराणा और संगीता सुराणा की 22 वर्षीय पुत्री नेहा सुराणा ने भगवान को पाने के लिए वैराग्य का रास्ता अपनाने का निर्णय लिया है। ढाई साल पहले सेंधवा में जैन संत आचार्य उमेशमुनि महाराज के शिष्य जिनेंद्रमुनि का चातुर्मास हुआ था। चातुर्मास के दौरान चार माह तक नेहा ने साध्वी जिनेंद्रमुनि महाराज और उनकी शिष्या प्रवीणाश्रीजी और सयंमप्रभाजी मसा के साथ अपना समय बिताया था। तब से नेहा के मन में वैराग्य आ गया और उसने भी दीक्षा लेने का संकल्प लिया। जैन संत, साध्वियों के साथ करीब ढाई साल से नेहा समय बिता रही हैं और धर्म की शिक्षा ले रही है।
1600 किमी की विहार यात्रा भी कर चुकी
जैन संत, साध्वियों से धार्मिक शिक्षा लेने के साथ ही नेहा वांचनी में नंदी सूत्र और अंतकृतसूत्र का वाचन भी कर रही हैं। साथ ही जैन संत साध्वियों के साथ वे अब तक 1600 किमी की विहार यात्रा भी कर चुकी है। 10 फरवरी को बलवाड़ी स्थित अनाज मंडी में उन्हें संत जिनेंद्रमुनि महाराज द्वारा दीक्षा दी जाएगी। इसके बाद नेहा जैन साध्वी के रूप में जीवन बिताते हुए धर्म का प्रकाश फैलाएगी। गुरुवार को अपनी मां संगीता सुराण के साथ बड़वानी आई नेहा ने यहां जैन स्थानक भवन में विराजित साध्वी सुव्रता, शीतलप्रभु, नेहा, सारिका के दर्शनकर कर प्रवचन सुने। प्रवचन के बाद महिला मंडल ने नेहा का बहुमान किया। इस दौरान वरिष्ठ श्रावक जवाहरलाल नाहर, समाज अध्यक्ष विजय चिप्पड़, प्रेम चोपड़ा, कैलाश मेहता, गिरीश तांतेड़, हर्ष कर्णावट, बालकुआं से आए पारस जैन, अणु मित्र मंडल के ललित जैन, अजीत जैन उपस्थित थे।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो