scriptपांच माह में ही बदला मतदाताओं का मन | Change the mind of voters in five months | Patrika News

पांच माह में ही बदला मतदाताओं का मन

locationबड़वानीPublished: May 24, 2019 08:48:00 pm

विधानसभा में जिन सीटों पर कांग्रेस को दिलाई थी बढ़त, लोकसभा में दिया घाटा, गृहमंत्री के क्षेत्र राजपुर में कांगे्रस 23 हजार से ज्यादा मतों से पिछड़ी, नहीं काम आई कांग्रेस की कर्जमाफी, चला मोदी फैक्टर, देशभक्ति, राष्ट्रहित का फार्मुला

Change the mind of voters in five months

Change the mind of voters in five months

बड़वानी. लोकसभा निर्वाचन 2019 में के लिए 19 मई को हुए मतदान के बाद आए एक्जिट पोल के आंकड़ों को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा था कि भाजपा बढ़त मिलेगी। 23 मई को आए परिणामों ने अंदाजे को हकीकत में बदल दिया। बड़वानी जिले की स्थिति देखी जाए तो भाजपा ने यहां लोकसभा चुनाव में कांग्रेस से 80663 मतों की बढ़त बनाई है। जबकि करीब पांच माह पूर्व हुए विधानसभा चुनाव में जिले में कांग्रेस ने 42032 मतों की बढ़त बनाई थी। पांच माह में ही मतदाताओं का मन बदल गया और कांग्रेस की बढ़त को कम करते हुए लोकसभा में भाजपा को विजयी बना दिया।
पांच माह पूर्व हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने जिले की चार विधानसभा सीटों में से तीन पर जीत हासिल की थी। जबकि एक विधानसभा क्षेत्र बड़वानी में भाजपा ने विजयी परचम लहराया था। लोकसभा में इसके उलट परिणाम सामने आए है। जिन सीटों पर कांगे्रस को विधानसभा सीटों में बढ़त मिली थी, उन सीटों पर कांग्रेस को लोकसभा में हार का सामना करना पड़ा है। विधानसभा चुनाव में जिस सीट पर भाजपा ने जीत दर्ज कराई थी, वहां भी लोकसभा में अपनी जीत का अंतर बढ़ाया है। कयास लगाए जा रहे थे कि विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज कराने वाले राजपुर विधायक जो बाद में प्रदेश के गृहमंत्री बने, वहां भाजपा को बहुत कम बढ़त मिलेगी, लेकिन गृहमंत्री के क्षेत्र में भी भाजपा ने 23 हजार मतों की बढ़त हासिल की।
चारों विधानसभा में कांग्रेस को घाटा
लोकसभा चुनाव में जिले की चारों विधानसभा सीटों पर कांग्रेस को घाटा हुआ है। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने सेंधवा सीट पर 15878 मतों से जीत दर्ज की थी। लोकसभा में भाजपा ने सेंधवा सीट से 1300 मतों की बढ़त ली। राजपुर सीट पर विधानसभा में कांग्रेस के बाला बच्चन को महज 932 मतों की जीत मिली थी। जबकि लोकसभा चुनाव में भाजपा ने इस सीट पर 23144 मतों की बढ़त हासिल की। पानसेमल सीट पर विधानसभा में कांग्रेस ने 25222 मतों से विजय दर्ज की थी। लोकसभा में भाजपा ने इस सीट से 11203 मतों की बढ़त बनाई। बड़वानी सीट पर विधानसभा में भाजपा ने 38787 मतों से जीत हासिल की थी। यहां भाजपा ने लोकसभा में अपना दबदबा कायम रखते हुए मतांतर को बढ़ाया और 45016 मतों से जीत हासिल की।
माना जा रहा मोदी फैक्टर
लोकसभा चुनाव में एकबार मोदी फैक्टर चला है। लोकसभा चुनाव के पूर्व पुलवामा आतंकी हमले के बाद हुए एअर स्ट्राइक, देशभक्ति और राष्ट्रहित की लहर ने भाजपा को भारी बढ़त दिलाई है। जिले में भी सोशल मीडिया पर चुनाव के दौरान देशभक्ति और राष्ट्रहित में मतदान करने के मैसेज वायरल हुए थे। वहीं, प्रदेश सरकार द्वारा किसानों को दो लाख की कर्ज माफी का असर भी देखने को नहीं मिला।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो