scriptभगवान आदिनाथ का हुआ मस्तकाभिषेक, चढ़ाया निर्वाण लाडू | Completion of two-day annual fair in Svid area, Bavawangaja | Patrika News

भगवान आदिनाथ का हुआ मस्तकाभिषेक, चढ़ाया निर्वाण लाडू

locationबड़वानीPublished: Feb 04, 2019 10:41:11 am

सिद्ध क्षेत्र बावनगजा में दो दिवसीय वार्षिक मेले का समापन, गृह मंत्री बाला बच्चन हुए महा मस्तकाभिषेक में शामिल, अगले साल होने वाले महाकुंभ के लिए व्यवस्थाओं के लिए दिया आश्वासन

Completion of two-day annual fair in Svid area, Bavawangaja

Completion of two-day annual fair in Svid area, Bavawangaja

खबर लेखन : मनीष अरोरा
ONLINE NEWS : VISHAL YADAV

बड़वानी. दिगंबर जैन सिद्धक्षेत्र बावनगजाजी में वार्षिक मेले के दूसरे दिन रविवार को विभिन्न धार्मिक आयोजन हुए। इस दौरान मुख्य रुप से भगवान आदिनाथजी का मस्तकाभिषेक किया गया। इस दौरान मौजूदा हजारों द्वारा भगवान के जयकारे लगाते हुए झूम उठे। मस्तकाभिषेक के बाद निर्वाण लाडू चढ़ाया गया। आयोजन में गृहमंत्री बाला बच्चन भी पहुंचे और जैन संतों का आशीर्वाद लिया। दो दिवसीय मेले में देशभर से करीब 30 हजार श्रद्धालु सिद्ध क्षेत्र पहुंचे थे। रविवार को विभिन्न धार्मिक आयोजनों के साथ दो दिवसीय मेले का समापन भी हुआ।
आयोजन में मध्यप्रदेश सहित महाराष्ट्र, गुजरात, मुंबई आदि राज्यों के हजारों श्रद्धालु आयोजन के साक्षी बने। वार्षिक मेले के दूसरे दिन मस्ताभिषेक में शामिल होने रविवार अलसुबह से बाहर के श्रद्धालुओं का बस, जीप-कार से सिद्धक्षेत्र पहुंचने का सिलसिला शुरु हो गया था। बावनगजाजी परिसर में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए यातायात व कोतवाली की टीम तैनात रही। वहीं साफ-सफाई व कचरा समेटने के लिए नगर पालिका का कचरा वाहन की सेवाएं ली गई। सुबह समाजजनों ने सिद्धक्षेत्र स्थित अलग-अलग स्थानों पर स्थित मंदिरों में पूजन-दर्शन का लाभ लिया। मेले के दूसरे दिन नित्य अभिषेक, शांतिधारा, पूजन व आशीर्वचन हुए। सभी आयोजनों में आचार्य विद्यासागरजी महाराज के मंगल आशिष व उनके शिष्य प्रमाण सागरजी तथा विराट सागरजी महाराज का सानिध्य प्राप्त हुआ। सुबह 10.30 बजे तलहटी से कलश शोभायात्रा निकली। इसमें मस्तकाभिषेक व अन्य आयोजन के सौभाग्य प्राप्तजन कलश शिरोधार्य कर शामिल हुए। बैंडबाजे के साथ निकली यह यात्रा बड़े भगवान तक पहुंची और बड़े भगवान का मस्तकाभिषेक प्रारंभ हुआ। सके बाद निर्वाण लाडु चढ़ाकर महाआरती की गई।
गृहमंत्री ने लिया संतों का आशीर्वाद
प्रदेश के गृह एवं जेल मंत्री बाला बच्चन ने रविवार को जैन तीर्थ स्थल बावनगजा पहुंचकर भगवान आदिनाथ की प्रतिमा के सामने शीश नवाया। वहीं जैन संत विद्यासागर महाराज के शिष्य प्रमाण सागर महाराज और विराट सागर महाराज के दर्शन कर उनसे आशीर्वाद भी प्राप्त किया। इस दौरान बाला बच्चन ने संतों और मौजूदा श्रद्धालुओं को विश्वास दिलाया कि अगले वर्ष लगने वाले महामस्तकाभिषेक मेला के दौरान राज्य शासन की ओर से की जाने वाली व्यवस्थाएं इस बार भी समय पर पूर्ण कराई जाएगी। बाला बच्चन ने संत एवं बावनगजा ट्रस्ट के पदाधिकारियों द्वारा बावनगजा में भी राज्य शासन की घोषणानुसार गोशाला प्रारंभ कराने की मांग पर शीघ्र ही कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान उनके साथ बावनगजा मेला संयोजक विनोद दोषी, शेखर पाटनी सहित बड़ी संख्या में समाज जन भी उपस्थित थे।

अभिषेक को लेकर हुआ विवाद, थाने पहुंचा मामला
बड़वानी. सिद्ध क्षेत्र बावनगजा में रविवार को महामस्ताभिषेक के दौरान अभिषेक को लेकर दो पक्षों में विवाद को गया। एक पक्ष में कुछ लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है। देश शाम को मामला कोतवाली थाने तक पहुंच गया। एक पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं, दूसरा पक्ष देर रात तक भी थाने तक नहीं पहुंचा। इंदौर निवासी सुदर्शन जैन ने बताया कि वह अपनी पत्नी अनुपमा जैन, लड़की दिव्या जैन, देशना जैन के साथ बावनगजा भगवान आदिनाथ निर्माण महोत्सव में आए थे। दोपहर करीब दो बजे भगवान के जलाभिषेक के दौरान लाइन लगाकर पहुंचे। वहां केशर का अभिषेक होने से पुजारी एकदम चिल्लाने लगे। साथ ही मारपीट भी की। पीछे जलाभिषेक करने आ रहे सम्मेद पाटील और मोहित जैन को भी पकड़ लिया। उनके साथ ही मारपीट की। साथ ही गोली मारकर पहाड़ से फेंकने की धमकियां दी। सुदर्शन ने बताया कि विवाद इतना बढ़ गया कि उन्हें रस्सी से बांध दिया। उन्होंने इंदौर स्थित जैन कॉलोनी निवासी अनामिका बाकलीवाल के पति, जलाभिषेक में लगे पुजारी और बावनगजा के ट्रस्टी सहित 25 से 30 लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है। देर शाम परिजनों ने कोतवाली थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
वर्जन..
बावनगजा में अभिषेक के दौरान रीति-रिवाज को लेकर विवाद की स्थिति बनी। इंदौर निवासी सुदर्शन जैन की ओर से रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।
राजेश यादव, टीआई कातेवाली

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो