रोज खिलाते हैं रोटी, सांसद ने जन्मदिन पर गरीबों को बुलाकर खुद भोजन परोसा, मिठाई भी खिलाई
सांसद ने जन्मदिन पर गरीबों को बुलाकर मिठाई भी खिलाई

सेंधवा. गरीबों की सेवा करना सबसे बड़ी पूजा है- शहर के कुछ लोग इसे सार्थक कर रहे हैं। आसरा फाउंडेशन से जुड़े ये समाजसेवी वाकई सबसे बड़ी सेवा कर रहे हैं- जरूरतमंदों को ये लोग मुफ्त भोजन कराते हैं। भूखों का पेट भरने का इनका तरीका भी कुछ अलग है। इस सेवाकार्य में इन्होंने कई लोगों को भी जोड़ रखा है जिनकी मदद से शहर के कई गरीबों का जीवन गुजर रहा है।
किला परिसर स्थित मंडी शेड से आसरा फाउंडेशन की सामाजिक गतिविधियों का संचालन किया जाता है। संस्था के विजय शर्मा ने बताया कि आसरा फाउंडेशन द्वारा नगर के बेसहारा और गरीब लोगों को नि:शुल्क भोजन कराया जाता है। निशुल्क भोजन का यह काम प्रतिदिन किया जाता है। जरूरतमंदों की गुजर-बसर के लिए संस्था के सदस्यों ने अनूठी पहल की है। संस्था के सभी सदस्य रोज निकलते हैं और घरों से रोटियां एकत्रित करते हैं। सदस्यों द्वारा प्रतिदिन 40 से अधिक घरों से रोटियां ली जाती है। वहीं सब्जी खुद बनाते हैं। सब्जी बनाकर पार्षद के माध्यम से यह भोजन गरीबों को भेज दिया जाता है। इस काम के लिए अभी तक संस्था संचालकों को अनेक पुरस्कार भी मिल चुके है।
सांसद ने जन्मदिन पर गरीबों को खिलाई मिठाई, खुद भोजन परोसा
खरगोन-बड़वानी सांसद गजेंद्र सिंह पटेल भी संस्था के इस काम के खासे मुरीद हैं। रविवार को अपने जन्मदिन पर सांसद गजेंद्र सिंह पटेल मंडी शेड ही पहुंच गए। इतना ही नहीं, सांसद ने रात को सभी गरीबों को भोजन के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने गरीब लोगों को खुद भोजन परोसा। इन गरीबों को मिठाई भी खिलाई। इस तरह गरीबों के बीच अपना जन्मदिन मनाकर समाज के सामने मिसाल पेश की। सांसद पटेल के साथ इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष ओम सोनी, वरिष्ठ नेता एसवीरा स्वामी, नगर पालिका अध्यक्ष छोटू चौधरी सहित अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों ने भी इस काम में सहयोग दिया।
अब पाइए अपने शहर ( Barwani News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज