scriptशुभमुहूर्त में किया मां लक्ष्मी का पूजन, दीपो से जगमग हुआ शहर | Laxmi Pujan celebrates Diwali festival | Patrika News

शुभमुहूर्त में किया मां लक्ष्मी का पूजन, दीपो से जगमग हुआ शहर

locationबड़वानीPublished: Nov 07, 2018 01:21:18 pm

व्यापारियों ने बदले बही खाते, प्रतिष्ठान सजाए, दीपोत्सव पर हुई जमकर आतिशबाजी, आज पड़वा के दिन पशुधन की होगी पूजा

Laxmi Pujan celebrates Diwali festival

Laxmi Pujan celebrates Diwali festival

ऑनलाइन खबर : विशाल यादव
बड़वानी. शहर सहित अंचल में बुधवार को महालक्ष्मी पूजन किया गया। इस दौरान घर-आंगन में आकर्षक रंगों से रंगोली सजाई गई। विद्युत लडिय़ों व पुष्पहारों से घर-प्रतिष्ठान को सजाया गया। फूलझड़ी-अनार-पटाखे जलाकर खुशियां मनाई। नए-नए वस्त्र पहने परिवारजन, हर किसी के चेहरे पर उल्लास-उमंग रहा। लोगों ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर मिष्ठानों का लुत्फ लिया।
शुभमुहूर्त पर किया पूजन
धनतेरस से शुरु हुआ दीपावली पर्व का उल्लास लक्ष्मी पूजन के दिन अपने चरम पर रहा। रात में घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर शुभ मुहूर्त में माता का पूजन किया। व्यापारियों द्वारा हिसाब-किताब के लिए नए बहीखातों का पूजन किया। शहर के मंदिरों में भी पूजन-अर्चन के लिए श्रद्धालु पहुंचे। रानीपुरा स्थित मां महालक्ष्मी मंदिर के दरबार में सुबह से ही धार्मिक अनुष्ठानों का दौर प्रारंभ हो गया। दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही रही। वहीं मंदिर में आकर्षक शृंगार किया गया।
एमजी रोड पर चली हिंगोट
शहर में युवाओं में हिंगोट चलाने के प्रति खासा उत्साह रहता है। हालांकि हिंगोट पर पुलिस-प्रशासन द्वारा प्रतिबंध रहता हैं और इसके निर्माण, चलाने या संलिपत पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाती है। इसके बाद भी रुपचौदस की देर रात्रि शहर के एमजी पर हिंगोट चिंगारियां छोड़ती नजर आई। हालांकि इस दौरान तैनात पुलिस बल हिंगोटियों को हटाने का कार्य करता रहा।
बाजार में रही रौनक
दीपावली के तहत लक्ष्मी पूजन के दिन बाजार में रौनक रही। माता लक्ष्मी के पूजन के लिए लोग पूजन सामग्री और फूल की खरीदी करते नजर आए। बाजार में सजी फूलों की दुकानों पर दिनभर बिक्री चली। मिष्ठान की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ रही। वहीं बाजार में सजी मवेशी सज्जा सामग्री की दुकानों पर मवेशी पालकों व ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी। महालक्ष्मी मंदिर में सेगांव निवासी दिलीप बाबा द्वारा 1051 अनारों से अनुष्ठान कराया गया। लक्ष्मी पूजन के साथ ही रात्रि में शुभकामनाओं का दौर शुरू किया। इस दौरान लोगों ने एक-दूसरे के गले मिलकर दीप पर्व की बधाईयां दी और मिष्ठानों का स्वाद लिया। बच्चों ने बड़े-बुजुर्गों के चरण स्पर्श करते नजर आए। कई लोग सोशल मीडिया के माध्यम से बधाईयोंं के आदान-प्रदान में व्यस्त नजर आए।
आज पशुधन सजाकर बांटेंगे खुशियां
कार्तिक शुक्ल की पड़वा के दिन गुरुवार को गोवर्धन कृषक व मवेशी पालकों द्वारा गोधन का पूजन किया जाएगा। इसके लिए मवेशियों को आकर्षक रूप से शृंगारित किया जाएगा। बच्चें व युवा बड़े बुजुर्गों का आशीर्वाद लेंगे। नगर में दिनभर आतिशबाजी का दौर चलेगा। व्यवसायिक प्रतिष्ठान व यात्री बसें बंद रहेगी।

प्रजापिता केंद्र में रंगोली सजाकर प्रज्जवलित किए 501 दीप
बड़वानी. प्रजापिता ब्रह्मा कुमारी ईश्वरीय विवि की आनंद नगर स्थित शाखा में बुधवार को दीपावली मिलन समारोह मनाया। इस दौरान विभिन्न कार्यक्रम आयोजित हुए। केंद्र की मीना दीदी व लीला दीदी ने उपस्थित अनुयायियों को संबोधित किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि दिल्ली से आए बीके भारत व माउंटआबू-राजस्थान के बीके विक्रम थे। केंद्र पर करीब 15 से 20 आकर्षक रंंगोलियां सजाकर 501 दीपक प्रज्जवलित किए गए। कार्यक्रम में आसपास के 8 से 9 गांवों के अनुयायी शामिल हुए। सुबह 8 बजे राजयोग अभ्यास हुआ। 8.30 से 9.30 बजे तक मुरली प्रवचन हुए। 9.30 से 10 बजे परम पिता परमात्मा की याद में अनुयायी बैठे। इसके बाद प्रवचन हुए। दोपहर में केंद्र के बाहर आतिशबाजी कर खुशियां मनाई। समापन अवसर पर प्रसादी वितरित की गई।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो