scriptयुवती की जान लेने वाला खतरनाक तेंदुआ हुआ पिंजरे में कैद | Leopard caught in a cage | Patrika News

युवती की जान लेने वाला खतरनाक तेंदुआ हुआ पिंजरे में कैद

locationबड़वानीPublished: Aug 03, 2019 11:19:49 am

खेतिया-पानसेमल क्षेत्र में घूम रहे दो आदमखोर तेंदुए, एक अब भी आजाद, क्षेत्र में दहशत का माहौल कायम, दूसरे तेंदुए को पकडऩे में लगी टीम

Leopard caught in a cage

Leopard caught in a cage

बड़वानी. पानसेमल-खेतिया क्षेत्र में पिछले 15 दिन से क्षेत्र में दो तेंदुओं ने आतंक मचा रखा था। जिसमें से एक शुक्रवार रात को वन विभाग के पिंजरे में कैद हो गया। खेतिया के पास भडग़ोन क्षेत्र में खेत से लौट रही युवती का शिकार करने वाला तेंदुआ उसी स्थान पर पिंजरे में कैद हुआ है, जहां उसने युवती पर हमला किया था। वहीं, दूसरा तेंदुआ पानसेमल क्षेत्र में खेतों के आसपास नजर आ रहा है। शुक्रवार को ये तेंदुआ पानसेमल के पास जूनापानी क्षेत्र में पिंजरे के पास देखा गया था। वन विभाग का अमला अब इस तेंदुए को पकडऩे में लगा हुआ है।
पिछले एक पखवाड़े में दोनो तेंदुओं ने चार लोगों पर हमला किया था। जिसमें खेतिया के भडग़ोन में मजदूर युवती को तेंदुए ने हमला कर गर्दन दबोच कर खेत में घसीटकर ले जाने की कोशिश की थी। जिसके चलते युवती की मौत हो गई थी। इसके बाद वन विभाग की टीम ने यहां पिंजरा लगाया था। शुक्रवार की रात इस पिंजरे में बांधी गई बकरी का शिकार करने आया तेंदुआ पिंजरे में कैद हो गया। सुबह वन विभाग की टीम यहां पहुंची और तेंदुए को पानसेमल वन परिक्षेत्र लाया गया। घटना की जानकारी मिलने पर वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। वन विभाग द्वारा इस तेंदुए को वाइल्ड सेंचुरी में भेजे जाने की तैयारी की जा रही है।
पानसेमल में अब भी खुला घूम रहा तेंदुआ
शुक्रवार को सोशल मीडिया पर चल रहे एक वीडियो में तेंदुआ जूनापानी क्षेत्र में गन्ने के खेत में लगे पिंजरे के पास आराम से बैठा नजर आ रहा है। यहां लगे पिंजरे में एक बकरी भी वन विभाग द्वारा बांधी गई है, लेकिन तेंदुआ उस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। इसके पूर्व भी तेंदुए का एक वीडियो लोगों द्वारा बनाया गया था। जूनापानी क्षेत्र में ही मंगलवार की रात तेंदुए ने एक युवक पर हमला किया था। तेंदुए की लोकेशन ज्ञात होने के बाद भी वन विभाग उसे पकडऩे में असफल रहा है। तेंदुए द्वारा बार-बार इंसानों पर हमला किए जाने की घटनाएं भी लगातार हो रही है। जिसके चलते ग्रामीण क्षेत्र में काफी दहशत का माहौल बना हुआ है। लोगों ने शाम 5 बजे के बाद घरों से निकलना बंद कर दिया है।
भूख लगने पर आएगा पिंजरे में
वन विभाग द्वारा पानसेमल क्षेत्र में करीब 10 पिंजरे लगाए गए है। साथ ही तेंदुए की लोकेशन ट्रेस करने के लिए जगह-जगह स्पाइ केम भी लगाए गए है। गुरुवार को जूनापानी क्षेत्र में तेंदुआ दिखने के बाद उसे पकडऩे की उम्मीद बढ़ गई है। पानसेमल वन परिक्षेत्र के रेंजर संजय मालवीया ने बताया कि संभवत: तेंदुए का पेट भरा हुआ है, इसलिए वो पिंजरे में बंधी बकरी का शिकार नहीं कर रहा है। जब उसे भूख लगेगी तो वो पिंजरे में जरूर आएगा। वहीं, पिंजरा लगा होने की जगह के आसपास लोग भी छुपकर बैठे है, जो तेंदुए को देखकर शोर मचाने लगते है, जिसके कारण तेंदुआ पिंजरे के अंदर नहीं जा रहा है। शोरगुल बंद होगा तो तेंदुआ शिकार जरूर करेगा और पिंजरे में फंस जाएगा।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो