scriptराहुल गांधी को राहुल बाबा और दिग्विजयसिंह को कहा मिस्टर बंटाधार | National President Amit Shah addressed in the first election | Patrika News

राहुल गांधी को राहुल बाबा और दिग्विजयसिंह को कहा मिस्टर बंटाधार

locationबड़वानीPublished: Nov 16, 2018 08:54:47 am

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने पहली चुनावी सभा में किया संबोधित, आधा घंटे में गिनाते रहे केंद्र और शिवराजसिंह के काम, पूरे भाषण में आदिवासियों पर किया फोकस, गिनाई उपलब्धियां, 80 हजार का दावा, 8 हजार भी नही जुटा पाए भाजपाई

National President Amit Shah addressed in the first election

National President Amit Shah addressed in the first election

बड़वानी. अभी मैं एअरपोर्ट पर बैठकर अपने विमान का रास्ता देख रहा था, बैठे बैठे मैंने टीवी पर राहुल बाबा का भाषण सुना। पूरे भाषण में राहुल बाबा अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाने या आगे वो क्या करेंगे ये बताने की जगह सिर्फ मोदीजी ने ये किया, मोदीजी ने वो किया, मोदी-मोदी करते रहे। ऐसा लग रहा है मानो राहुल बाबा को मोदी फोबिया हो गया है। हां हो भी क्यो नहीं कश्मीर से कन्याकुमारी तक मोदीजी ने इतने काम किए है कि हर कोई उनका नाम ले रहा है। ये बात भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने बड़वानी में चारों विधानसभा सीटों के प्रत्याशियों के समर्थन में हुई आमसभा को संबोधित करते हुए कही। गुरुवार को पीजी कॉलेज ग्राउंड पर हुई भाजपा की चुनावी सभा फ्लॉप शो साबित हुई।
चुनावी प्रचार का आगाज बड़वानी से
भाजपा के राष्ट्रीय अमित शाह ने मप्र में चुनावी प्रचार का आगाज बड़वानी से किया। दोपहर को बड़वानी पहुंचे अमित शाह ने पीजी कॉलेज मैदान में चुनावी सभा को संबोधित किया। अपने 26 मिनट के उद्बोधन में उन्होंने 10 बार राहुल गांधी को राहुल बाबा के नाम से पुकारा। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह पर भी उन्होंने निशाना साधते हुए चार बार मिस्टर बंटाधार कहा। इतना ही नहीं वे कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह का नाम सोनिया, मनमोहन सरकार के रूप में लेते रहे। साथ ही उन्होंने ज्योतिरादित्य सिंधिया का पूरा नाम न लेते हुए सिर्फ सिंधिया ही कहा। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ को वे गलती से कमलसिंह कह बैठे।
मेरी सरकार गरीबों और आदिवासियों की है
बड़वानी जिले की चारों विधानसभा आदिवासी सीट होने से उनका फोकस आदिवासी क्रांतिकारी बिरसा मुंडा, शहीद भीमा नायक और आदिवासियों के लिए चल रहीं योजनाओं पर भी रहा। अमित शाह ने कहा केंद्र द्वारा आदिवासी ब्लॉकों में 10-10 करोड़ रुपए देकर विकास कार्य करवाएं हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने तो ये भी कहा था कि मेरी सरकार गरीबों और आदिवासियों की है। कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में 13वें वित्त आयोग से 1 लाख करोड़ आदिवासियों के लिए दिए थे। जबकि मोदी सरकार ने 14वें वित्त आयोग में आदिवासियों के लिए 3 लाख करोड़ रुपए दिए है। साथ ही सभी आदिवासी क्रांतिकारियों की प्रतिमाएं भाजपा सरकार द्वारा बनाने की बात भी कही।
मि. बंटाधार फिर आ रहे वापस मैदान में
अमित शाह ने जहां केंद्र सरकार की योजनाओं और शिवराज सरकार की उपलब्धियां गिनाते रहे।वहीं, वे 15 साल पहले दिग्विजयसिंह सरकार की नाकामियां भी बताते रहे। उन्होंने कहा मिस्टर बंटाधार वापस मैदान में आकर वोट मांग रहे है। 15 साल बाद कांग्रेस को मप्र के विकास की याद आ रही है। जब ये विकास की बात करते हैं तो मुझे मिस्टर बंटाधार का राज याद आता है। आप सभी को भी आता होगा। केंद्र में मनमोहन सोनिया सरकार ने 10 साल राज किया, लेकिन गरीबों के लिए कुछ नहीं किया। 12 लाख करोड़ के घपले वाली कांग्रेस जिसकी कोई रीति नीति नहीं है, उद्योगपतियों की पार्टी बनकर रह गई है। इस पार्टी में राजा, महाराजा, श्रीमंतों का राज है। ये गरीबों का कहां ध्यान रखते है।
शहीद भीमानायक को किया याद
सभा की शुरूआत में अमित शाह ने कहा कि मेरा सौभाग्य है कि मैं भीमानायक की इस भूमि पर आया हूं। साथ ही कहा कि जिस 18 57 में घर में रोटी-दाल नहीं होगी, उस दौरान भीमानायक ने अंग्रेजों को थका दिया। जिनके घर में कुछ नहीं था उन्होंने देश के लिए सबकुछ कर दिया। देश में स्वतंत्रता के लिए सबसे पहले आदिवासियों का योगदान रहा है। इस दौरान शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांगे्रस ने आदिवासी वीर योध्दाओं को सम्मान नहीं दिया। उन्होंने एक ही परिवार को आजादी का श्रेय दिया है। हमने देशभर के आदिवासी योध्दाओं के स्मारक बनाए हैं।
चारों विधानसभा सीटों को जिताने का दिलाया संकल्प
इस दौरान उन्होंने जिले की चारों विधानसभा सीटों को जिताने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि आप लोगों को तय करना है कि मप्र में किसकी सरकार बनेगी। भाजपा ने 15 सालों में मप्र को बीमारू राज्य से विकसित राज्य बना दिया है। शाह ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि एक ओर शिव और मोदी हैं। वहीं दूसरी ओर राजा महाराजा और उद्योगपतियों का खेमा है।
कांग्रेस ने चार पीढिय़ों तक कुछ नहीं किया
सभा के दौरान अमित शाह ने कहा कि राहुल बाबा हमारी सरकार के साढे चार साल का हिसाब पुछते हैं। इनकी सरकार ने चार पीढिय़ों तक गरीबों के लिए तो कुछ नहीं किया। राहुल बाबा को हिसाब देने की जरुरत हमें नहीं है। हम जनता को हिसाब देंगे। वहीं दिग्विजयसिंह और सिंधिया के हिसाब मांगने की बात पर शाह बोले की 10 मनमोहन सरकार में इन्होंने क्या किया, उसका हिसाब कौन देगा। सभा को भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने भी संबोधित किया। मंच पर चारों प्रत्याशी अंतरसिंह आर्य, प्रेमसिंह पटेल, दीवानसिंह पटेल और अंतर पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष ओम खंडेलवाल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। अंत में बड़वानी प्रत्याशी प्रेमसिंह पटेल ने अमित शाह को तीर कमान भेंट किया।
गलत साबित हुआ भीड़ का उमडऩे का दावा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की सभा के लिए भाजपाई 8 0 हजार कार्यकर्ताओ को इक_ा करने का दावे किए, लेकिन सभा मे 8 हजार लोग भी नही जुटा पाए। वही शाह की सभा जो 11 बजे शुरू होने वाली थी वो भी 2 घंटे से ज्यादा देरी से 1 बजकर 22 मिनट को प्रारंभ हुई। सभा देर से शुरू होने के कारण सभा स्थल पर लोग धूप से खासे परेशान हुए। मंच पर पहुचने के बाद शाह ने केंद्र और राज्य की भाजपा की योजनाओं का बखान किया। सभा के समाप्त होते ही शाह मंच से नही उतरे उससे पहले ही लोग सभा स्थल छोड़कर जाने लगे थे। 3 मिनट में ही कॉलेज ग्राउंड का सभा स्थल पूरी तरह खाली हो गया।
फैक्ट फाइल…
11 बजे था सभा का समय।
1.15 बजे उतरा शाह का हैलीकॉप्टर
1.20 बजे शाह पहुंचे सभास्थल।
1.31 बजे किया भाषण शुरू।
1.57 बजे हुआ भाषण खत्म।
26 मिनट तक बोले राष्ट्रीय अध्यक्ष।
8 हजार के लगभग लोग थे उपस्थित।
80 हजार का था भाजपा का दावा।
2-2 हजार लोग भी नहीं आए चार विधानसभाओं से।
2 घंटे देरी से शुरू हुआ कार्यक्रम

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो