scriptदीनदयाल रसोई केंद्र पर परोस रहे हैं सड़ी हुई सब्जियां | Rotten Vegetables at Deendayal Kitchen Center | Patrika News

दीनदयाल रसोई केंद्र पर परोस रहे हैं सड़ी हुई सब्जियां

locationबड़वानीPublished: Jun 19, 2020 09:07:46 am

Submitted by:

vishal yadav

रसोई केंद्र के सेवादार के काम बंद करने के बाद से बिगड़ गया है व्यवस्थाओं का ढर्रा, पांच रुपए भोजन समय पर नहीं मिलने से जरुरतमंदों को हो रही परेशानी

Rotten Vegetables at Deendayal Kitchen Center

Rotten Vegetables at Deendayal Kitchen Center

बड़वानी. शहर में तीन वर्ष पूर्व शुरु हुए दीनदयाल रसोई केंद्र पर गरीब और जरुरतमंदों को सड़ी हुई सब्जी बनाकर परोसी जा रही है। जिससे गरीबों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ हो रहा है। पांच रुपए में भोजन करने वाले गरीब लोग ऐसे सड़े हुए भोजन को ही मजबूरन कर रहे हैं। इन दिनों दीनदयाल रसोई केंद्र का ढर्रा पूरी तरह से बिगड़ चुका है। यहां के सेवादार के काम छोडऩे के बाद से ही गरीबों को भोजन ठीक से नहीं मिल रहा है। जरुरतमंदों को महज पांच रुपए में भोजन उपलब्ध करवाने की व्यवस्थाओं में झोल नजर आने लगा है।
गुरुवार को यहां बनाने के लिए लाई गई सड़ी-गली गिल्की की सब्जी चर्चा का विषय बनी। फंगस लगी सब्जी देखकर रसोईयनों ने रोष जताया और भोजन बनाने से इनकार कर दिया और खिचड़ी बनाकर वितरित की गई। रसोई केंद्र पर फंगस लगी सब्जी लाने की सूचना जब जिम्मेदारों को दी। इसके बाद ताबड़तोड़ पड़ताल कर सीएमओ ने केंद्र पर नियुक्त कर्मचारी निखिल रेवाल को निलंबित कर दिया। वहीं दैनिक वेतनभोगी कर्मी अमित सूर्यवंशी को घर रवाना किया।
नगर पालिका से नहीं संभल रही है व्यवस्था
दीनदयाल रसोई केंद्र की शुरुआत वर्ष 2017 में मार्च माह के दौरान प्रदेश सरकार ने प्रदेश के सभी जिलों में की थी। शुरुआत में देखरेख और आर्थिक मेनेंजमेंट के अभाव केंद्र बंद हो गया था। इसके बाद जनसहयोग से इसका संचालन शुरु हुआ। इस दौरान पिछले वर्ष अगस्त माह से केंद्र पर शाम के भोजन की शुरुआत हुई। पांच रुपए में प्रतिदिन सैकड़ों जरुरतमंदों को यहां से भोजन मिल रहा है। लॉक डाउन के दौरान इसकी व्यवस्था में बदलाव आया। इस दौरान 300 से तीन-चार हजार भोजन पैकेट शहर में पार्षदों के माध्यम से बंटने लगे। हालांकि इस दौरान बेहतर संचालन कर रहे पूर्व सेवादार पर सवाल उठाए गए। इसके बाद सेवादार ने स्वैच्छिक रुप से केंद्र से इतिश्री कर ली। इसके बाद केंद्र की जिम्मेदारी पूर्ण रुप से नपा के माध्यम से होने लगी।
गरीबों को समय पर नहीं मिल रहा भोजन
जिस समय रसोई केंद्र सेवादार अजित जैन संचालित करते थे, तब गरीबों को दोनो समय का भोजन यहां से मिलता था। नगर पालिका ने जबसे यहां की व्यवस्थाएं संंभाली हैं, अब गरीबों को सुबह 11 से दोपहर 3 बजे एक ही समय भोजन मिल रहा है। ऐसे में कई गरीबों को एक समय का भोजन नसीब नहीं हो पा रहा है। पहले ये व्यवस्था जनसहयोग से व्यस्थित तरीके से चलती थी। नपा से ये व्यवस्था संभल नहीं रही है।
पहले रोज बनते थे अलग-अलग व्यंजन
लॉक डाउन के पूर्व तक केंद्र पर शहर सहित बाहर क्षेत्रों के कई लोग अपने मांगलिक, धार्मिक, जन्मदिन अवसरों सहित स्वैच्छिक और अपनों की पुण्यतिथि पर खीर-पुड़ी, लड्डू, गुलाब जामुन, दाल-बाटी आदि व्यंजन जरुरतमंदों को परोसते थे। वहीं केंद्र पर प्रतिदिन मेन्यु अनुसार दाल, सब्जी, पुड़ी, खिचड़ी, चावल, कड़ी आदि भोजन तैयार होता था। वहीं लॉक डाउन के बाद केंद्र की व्यवस्था में अब भोजन मेन्यू का मुख्य हिस्सा खिचड़ी बनकर रह गई है।
संचालन पर रखेंगे विशेष ध्यान
इस संबंध में नगर पालिका सीएमओ कुशलसिंह डोडवे ने बताया कि केंद्र पर गुरुवार को सड़ी-गली सब्जी लाई जाने की शिकायत रसोईयनों ने की थी। वहां तैनात नपा के कर्मचारी से पूछताछ कर जांच की। इसमें उसके द्वारा खराब सब्जी लाई जाने का पता चला। इस पर नियुक्त कर्मी को निलंबित कर एक दैवभो कर्मचारी को घर रवाना किया। आगे से रसोई केंद्र के संचालन का विशेष ध्यान रखा जाएगा। वहीं शासन के आदेशानुसार केंद्र पर एक समय ही भोजन वितरित किया जा रहा है।

ट्रेंडिंग वीडियो