scriptमहिला की हत्या का मामला: थाने के सामने धरना, फिर स्टेट हाईवे किया जाम, नहीं हो पाया पोस्टमार्टम | Case of woman's murder: picket in front of police station, then jammed | Patrika News

महिला की हत्या का मामला: थाने के सामने धरना, फिर स्टेट हाईवे किया जाम, नहीं हो पाया पोस्टमार्टम

locationबस्सीPublished: Dec 07, 2019 08:06:10 pm

-महिला के हत्यारों को पकडऩे की मांग पर अड़े रहे लोग -दूसरे दिन देर शाम तक भी नहीं हो पाया महिला के शव का पोस्टमार्टम -आठ घंटे के बाद समझाइश पर माने लोग -पीहर पक्ष ने ससुराल के लोगों पर कराया हत्या का मामला दर्ज

महिला की हत्या का मामला: थाने के सामने धरना, फिर स्टेट हाईवे किया जाम, नहीं हो पाया पोस्टमार्टम

महिला की हत्या का मामला: थाने के सामने धरना, फिर स्टेट हाईवे किया जाम, नहीं हो पाया पोस्टमार्टम

शाहपुरा/अमरसर.
अमरसर पुलिस थाना इलाके में ग्राम करीरी स्थित पीरावाला जोहड़ में मिट्टी के नीचे महिला का निवस्त्र शव मिलने का मामला शनिवार को गर्मा गया। मामले में मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या का मामला दर्ज करवाया है। वहीं सुबह महिला के हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में पीहर पक्ष व अन्य लोग पुलिस थाने के सामने धरने पर बैठ गए। दिनभर पुलिस अधिकारियों की समझाइश का दौर जारी रहा, लेकिन आक्रोशित लोग आरोपितों को नहीं पकडऩे तक महिला के शव का पोस्टमार्टम नहीं कराने पर अड़े रहे। शाम चार बजे आक्रोशित लोगों में गुस्सा इतना फूट पड़ा कि चौमूं-अजीतगढ़ स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया। करीब पौन घंटे तक लोग अपनी मांग को लेकर सड़क पर बैठे रहे। जिससे हाईवे पर वाहनों की लम्बी कतार लग गई और यातायात प्रभावित रहा। बाद में डीएसपी राजेश मलिक, थाना प्रभारी सुरेश रोलन, शाहपुरा थाना प्रभारी महेन्द्र सिंह, कालाडेरा थाना प्रभारी भजनाराम और कांग्रेस युवा नेता मनीष यादव ने समझाइश कर लोगों को हाईवे से हटाया। इसके बाद फिर ग्रामीण थाने के सामने धरने पर बैठ गए। धरने के दौरान चौमूं विधायक रामलाल शर्मा भी पहुंचे। लोगों ने उनसे भी जल्द से जल्द आरोपितों को गिरफ्तार कराने की मांग की। शाम करीब ६ बजे पुलिस अधिकारियों की ओर से निष्पक्ष जांच कर आरोपितों को जल्द गिरफ्तार करने व शव को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने के आश्वासन पर ग्रामीण धरने से हटे। उल्लेखनीय है कि करीरी गांव स्थित पीरावाला जोहड़ में शुक्रवार को मिट्टी के नीचे करीरी हाल दिल्ली निवासी ३० वर्षीय सावित्री देवी का शव मिला था। महिला का शव निवस्त्र था। पुलिस ने प्रारम्भिक जांच में महिला का गला घोंटकर हत्या करना पाया बताया है। दिल्ली में ४ नवम्बर को मृतक महिला की गुमशुदगी भी दर्ज है। मृतका की शिनाख्त पीहर पक्ष के लोगों ने की थी। पुलिस ने शव को निम्स अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया था। घटनास्थल का जयपुर से पहुंची एफएसएल व डॉग स्क्वायड टीम ने भी जायजा लेकर नमूने लिए थे।(नि.सं.)
———-
हत्या का नामजद कराया मामला दर्ज
पुलिस ने बताया कि मामले में मृतका सावित्री मीणा के पिता कालाडेरा निवासी सूरजमल मीणा ने ससुराल पक्ष के लोगों पर नामजद हत्या का मुकदमा दर्ज करवाया है। रिपोर्ट में बताया कि उसकी पुत्री सुनीता का विवाह महेन्द्र कुमार व सावित्री का सुनील कुमार मीणा के साथ 30 जून 2012 को हुआ था। 2013 में ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग को लेकर सावित्री के साथ मारपीट की। जिस पर कालाडेरा थाने में दहेज प्रताडऩा का मामला दर्ज करवाया गया। मामले में सुलह होने पर सावित्री को वापस ससुराल भेज दिया गया। 4 नवंबर को सुबह 10.30 बजे सावित्री ने पीसीआर वैन के माध्यम से अपने भाई कैलाश मीणा से बातचीत कर ससुराल पक्ष पर वापस मारपीट करने की बात कही थी। मृतका सावित्री के पिता ने षड्यंत्र पूर्वक हत्या करने का मामला दर्ज करवाया है।
———–


इन पर लगाया हत्या का आरोप
पिता ने अपनी बेटी के ससुराल पक्ष पर षड्यंत्र पूर्वक हत्या कर उसकी बेटी सावित्री को करीरी जोहड़ में लाकर दबाने का आरोप लगाया है। मामले में मृतका के पति सुनील मीणा, जेठ संदीप कुमार, अनिल कुमार, रामस्वरूप, सास कमलेश देवी, ससुर महेंद्र सिंह उर्फ मोहनलाल व अन्य परिजन संजय उर्फ फैल्या, राजेश, रामजीलाल, वीरेंद्र, सुमित, अमित, अनुज वगैरह पर नामजद हत्या का आरोप लगाया है।
————


थाने में डटे रहे पुलिस अधिकारी
मृतका के परिजनों की ओर से दिए धरने के दौरान सुबह 10 बजे से शाम ६ बजे तक तीन पुलिस थानों का जाब्ता अमरसर पुलिस थाने में तैनात रहा। धरना शुरू करने की सूचना पर डीएसपी, शाहपुरा थाना प्रभारी, कालाडेरा थाना प्रभारी मय जाब्ते के पहुंचे। धरना समाप्त होने तक जाब्ता थाने में मौजूद रहा।
————–


इनका कहना है-
मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर नामजद हत्या का मामला दर्ज कराया है। मृतका के शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टक कराया जाएगा। मामले में जांच निष्पक्ष कर जल्द आरोपितों को पकड़ा जाएगा।
—–राजेश मलिक, डीएसपी, शाहपुरा।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो