बस्सी

कोरोना महामारी से वन्य जीवों की गणना में देरी, अब जेष्ठ पूर्णिमा को होगी

-वन्यजीवों के मूवमेंट पर रखी जा रही निगरानी

बस्सीMay 18, 2020 / 11:09 am

Kailash Barala

shahpura

शाहपुरा. कोरोना संक्रमण एवं लॉकडाउन के चलते इस बार वन्य जीवों की गणना पर भी असर पड़ा है। हर साल बुद्ध पूर्णिमा को होने वाली वन्य जीवों की गणना अभी तक नहीं हो पाई है। वन्य जीवों की गणना के लिए वन विभाग ने अब जेष्ठ पूर्णिमा का दिन तय किया है। जिसकी तैयारी शुरू कर दी है। शाहपुरा वन रेंज कार्यालय के अधीन 1 हजार 872 वनक्षेत्र है। जिसमें गत साल 1 हजार 700 वन्य जीवों की गणना की गई थी। रेंजर धर्मवीर चौधरी ने बताया कि कोरोना संक्रमण एवं लॉकडाउन के चलते वन्य जीवों की गणना में देरी हुई है। पहले बुद्ध पूर्णिमा के दिन गणना होती थी, लेकिन अब जेष्ठ पूर्णिमा का दिन तय किया है। 5 जून की सुबह से लेकर दूसरे दिन 6 जून 8 बजे तक गणना की जाएगी। वन्य जीवों की गणना को लेकर तैयारी शुरू कर दी है।

 

वन्यजीवों के मूवमेंट पर निगरानी फोरेस्टर बाबूलाल मीणा ने बताया कि वन्यजीवों की गणना को लेकर वन क्षेत्र में वन्यजीवों के मूवमेंट पर निगरानी रखी जा रही है। उसी के अनुसार वन क्षेत्र में गणना के लिए मचान बांधे जाएंगे। वहीं वन क्षेत्र में विभाग की ओर से बनाए जलस्रोतों में पानी डालने का कार्य शुरू कर दिया है।

 

14 प्वाइंट किए चिह्नित

वन्य जीवों की गणना के लिए वन क्षेत्र में १४ प्वाइंट निर्धारित किए है। प्वाइंट निर्धारित करने के साथ ही स्टाफ को वन्य जीवों के पद चिह्न लेने के निर्देश दिए गए है। पदचिह्न उतारने के लिए स्टाफ को पीओपी पाउडर भी दिया गया है।

गत साल थे 1 हजार 700 वन्य जीव

शाहपुरा वन रेंज कार्यालय के अधीन वन क्षेत्र में गत साल गणना के आधार पर करीब 1 हजार 700 वन्य जीव है। जिनमें पैंथर, जरख, लोमड़ी, गीदड़, शैली, बीजू, लंगूर आदि वन्य जीव शामिल है।

 

-इनका कहना है-कोरोना महामारी के चलते इस बार वन्य जीवों की गणना में देरी हुई है। अब जेष्ठ पूर्णिमा को गणना होगी। जिसकी तैयारी शुरू कर दी गई है।—धर्मवीर चौधरी, रेंजर, वन विभाग कार्यालय शाहपुरा।

Home / Bassi / कोरोना महामारी से वन्य जीवों की गणना में देरी, अब जेष्ठ पूर्णिमा को होगी

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.