script

राखी बंधवाने बहन के घर आए युवक का पेड़ से लटका मिला शव, इलाके में फैली सनसनी

locationबस्सीPublished: Aug 03, 2020 09:35:59 pm

बहनों और अन्य परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल

राखी बंधवाने बहन के घर आए युवक का पेड़ से लटका मिला शव, इलाके में फैली सनसनी

राखी बंधवाने बहन के घर आए युवक का पेड़ से लटका मिला शव, इलाके में फैली सनसनी


शाहपुरा। रक्षाबंधन पर अपनी बहन के घर राखी बंधवाने आए एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला है। मामला शाहपुरा थाना इलाके के जवानपुरा गांव का है। शव मिलने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान झुंझुनू जिले पपरणा निवासी गुमान सिंह पुत्र बच्चन सिंह के रूप में हुई है। सोमवार सुबह सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। प्रथम दृष्टया पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है।
जानकारी के अनुसार झुंझुनू के पपरणा निवासी गुमानसिंह गुडग़ांव स्थित एक फैक्ट्री में काम करता था। रक्षाबंधन त्यौहार होने से राखी बंधवाने के लिए वह रविवार शाम को शाहपुरा के जवानपुरा गांव स्थित अपनी बहन के घर आया था। थोड़ी देर रुकने के बाद वह कहीं चला गया और रात भर वापस नहीं लौटा। सोमवार सुबह यहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने पेड़ से युवक को लटका देखकर ग्रामीणों को सूचना दी। पेड़ से युवक का शव लटका होने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने शाहपुरा थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी।
शाहपुरा थाना प्रभारी राकेश कुमार ख्यालिया मय जाब्ते के मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक गुमानसिंह के परिजनों को मौके पर बुलाया। जिन्होंने मृतक की पहचान की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शाहपुरा के राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच के जुटी हुई है।
परिजनों का रो -रो कर बुरा हाल

मृतक गुमान सिंह के पिता का पूर्व में निधन हो चुका है। गुमानसिंह गुडग़ांव में किसी फैक्ट्री में काम कर परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। उसकी दो बहनों की शादी शाहपुरा के जवानपुरा में हुई है। पिछले 5-6 माह से मृतक की मां व भाई जवानपुरा में बेटियों के पास ही रह रहे थे। राखी बंधवाने आए गुमानसिंह की मौत के बाद उसके परिजनों का रो -रो कर बुरा हाल है। मां और बहनों की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। उनके रिश्तेदाद व पड़ौसी ढांढस बंधाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन परिवार का सहारा छिनने से उनकी आंखों से भी आंसू झलक रहे थे।
पुलिस कर रही मामले की जांच
मृतक गुमानसिंह के रिश्तेदार राजेन्द्र सिंह ने शाहपुरा पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया है कि गुमानसिंह रविवार को उसके घर जवानपुरा आया था। शाम को वह शराब लाने की कहकर घर से गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। सोमवार सुबह वह पेड़ से लटका मिला। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ट्रेंडिंग वीडियो