scriptअमरपुरा के लाल को हजारों नम आंखों से दी अंतिम विदाई | Last farewell to Amarpura's Lal with thousands of moist eyes | Patrika News

अमरपुरा के लाल को हजारों नम आंखों से दी अंतिम विदाई

locationबस्सीPublished: Dec 16, 2019 07:16:32 pm

Submitted by:

Satya

-युवाओं ने निकाली तिरंगा रैली, अंतिम शव यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
 

Last farewell to Amarpura's Lal with thousands of moist eyes

अमरपुरा के लाल को हजारों नम आंखों से दी अंतिम विदाई


शाहपुरा/राड़ावास.


शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम अमरपुरा एवं पैतृक गांव गुलाबबाड़ी निवासी सैनिक श्यामसुंदर दादरवाल को हजारों नम आंखों ने अंतिम विदाई दी। सामोद पुलिस थाने से सोमवार सुबह पार्थिव देह की अंतिम यात्रा रवाना की गई। सैनिक की अंतिम यात्रा में हजारों की संख्या में जन सैलाब उमड़ा।
लोग भारत माता के जयकारों के साथ सैनिक श्यामसुंदर दादर वाल के जयकारे लगाए गए। युवाओं में जोश देखते ही बन रहा था।

अंतिम यात्रा के दौरान शाहपुरा, चौमूूं सहित आसपास तहसीलों के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इसमें क्षेत्र के जनप्रतिनिधि भाजपा व कांग्रेस के कई बड़े नेता भी शामिल थे। अंतिम यात्रा के दौरान पार्थिव देह को पैतृक गांव गुलाब बाड़ी ले जाया गया। इसके बाद वर्तमान निवास स्थान अमरपुरा स्थित दादरवालों की ढाणी में पार्थिव देह राजकीय सम्मान के साथ पहुंची।

अंतिम शव यात्रा में जयपुर ग्रामीण सांसद कर्नल राज्यवर्धन सिंह, कृषि मंत्री लालचंद कटारिया, सैनिक कल्याण मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, मंत्री शांति धारीवाल, जिला कलक्टर जोगाराम, ग्रामीण एसपी शंकरदत्त शर्मा, शाहपुरा विधायक आलोक बेनीवाल, कांग्रेस नेता मनीष यादव, राजस्थान किसान परिषद के प्रदेश अध्यक्ष हरिनारायण गठाला, पूर्व जिला पार्षद महेंद्र चौधरी, युवक कांग्रेस के प्रवीण व्यास, अमरसरवाटी प्रेस क्लब के अध्यक्ष एमएल शर्मा, ग्रामीण विकास संस्थान के मनोज शर्मा,
पूर्व जिला पार्षद जेपी मान, समाजसेवी गोपाल सैनी, नयाबास सरपंच भंैरू राम जाट, धानोता सरपंच श्रीराम घोसलिया जगतपुरा सरपंच मक्खन लाल जाट सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों व आमजन ने अंतिम शव यात्रा व अंत्येष्टि में हिस्सा लिया।

ड्यूटी के दौरान कैरोहीटर ब्लास्ट से झुलस गए थे


पैतृक गांव गुलाब बाड़ी एवं हाल निवासी अमरपुरा की दादरवालों की ढाणी निवासी श्यामसुंदर दादरवाल भारतीय सेना के राज राइफल्स में श्रीनगर में तैनात था। ड्यूटी के दौरान 5 दिसंबर को कैरोहीटर ब्लास्ट हो जाने से वे झुलस गए थे। चंडीगढ़ के पंचकूला कमांडेड अस्पताल में उपचार के दौरान शुक्रवार को सैनिक श्याम सुंदर ने अंतिम सांस ली। बीती रात को सैनिक श्याम सुंदर की पार्थिव देह सामोद पुलिस थाने में पहुंची। पार्थिव देह आने की सूचना मिलते ही थाने में लोगों की भीड़ उमडऩा शुरू हो गई।

युवाओं में दिखा जोश व जूनुन


सुबह थाने से राजकीय सम्मान के साथ पार्थिव देह को अंतिम यात्रा के लिए रवाना किया। अमरपुरा के लाल की पार्थिव देह की अंतिम यात्रा में युवाओं में जोश और जुनून नजर आया। युवा पार्थिव देह के आगे भारत माता के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। युवाओं ने कहा जब तक चांद सूरज रहेगा, श्याम सुंदर तेरा नाम अमर रहेगा।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो