scriptनईनाथ धाम पर दो करोड़ की राशि खर्च कर बनाई जाएगी लव कुश वाटिका | Luv Kush Vatika will be built by spending two crores | Patrika News

नईनाथ धाम पर दो करोड़ की राशि खर्च कर बनाई जाएगी लव कुश वाटिका

locationबस्सीPublished: Jun 30, 2022 08:44:16 am

Submitted by:

santosh

इको टूरिज्म के रूप में किया जाएगा विकसितवन विभाग के प्रमुख शासन सचिव ने एक जुलाई से निर्माण कार्य शुरू करने की बात कही

bassi.jpg
बांसखोह. राज्य सरकार की बजट घोषणा के अनुरूप क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल नईनाथ धाम के वनीय इलाके में 2 करोड़ रुपए की राशि खर्च कर इको टूरिज्म के रूप में विकसित किया जाएगा। सरकार ने बजट घोषणा में प्रदेश के प्रमुख वनीय इलाकों को पर्यटन के रूप में विकसित करने के लिए लव कुश वाटिका बनाने की घोषणा की थी।
जिसमें नईनाथ धाम के वनीय इलाके सहित प्रदेश के अन्य प्रमुख वनीय इलाको को इको टूरिज्म के रूप में विकसित करने के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 2-2 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत कर लव कुश वाटिका बनाने की घोषणा की। बजट घोषणाओं के कार्यों की क्रियान्विति को लेकर वन विभाग के प्रमुख शासन सचिव शिखर अग्रवाल ने एक जुलाई से प्रदेश में स्वीकृत सभी स्थानों पर लव कुश वाटिका के निर्माण कार्य शुरू करने की बात कही है। कार्य को गति देने के लिए वन विभाग के आला अधिकारी समय-समय पर नईनाथ धाम के वनीय इलाके का दौरा कर रहे है।
वाॅच टावर से निखार सकेंगे वनीय इलाके को

वन विभाग बस्सी रेंजर पृथ्वीराज मीना ने बताया कि लव कुश वाटिका के तहत नईनाथ धाम के वनीय इलाके में वाॅच टावर लगाया जाएगा एवं अंतिम ऊंचाई पर एक व्यू प्वाइंट बनाया जाएगा। जिससे आने वाला हर पर्यटक इलाके के प्राकृतिक सौंदर्य को नजदीक से निहार सकेगा। लव कुश वाटिका में करीब 3 किलोमीटर की दूरी में घूमने के लिए ट्रैक बनाया जाएगा। इस ट्रैक पर तार फेंसिंग एवं पक्की दीवार भी बनाई जाएगी। इस इलाके में एक ट्यूबवैल भी लगाया जाएगा। जल संरक्षण के लिए चेक डैम, तलाई, एनीकट भी बनाए जाएंगे। समतल इलाके को पार्क के रूप में विकसित किया जाएगा। साथ ही ट्रैक पर जगह-जगह आकर्षक झोपड़ियां बनाई जाएगी।

हर्बल गार्डन से देंगे औषधीय जानकारी

लव कुश वाटिका में एक हर्बल गार्डन भी विकसित किया जाएगा। इसके माध्यम से पर्यटकों को वनीय पौधों से मिलने वाले औषधीय फायदों के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। हर्बल गार्डन में औषधीय पौधे लगाए जाएंगे।

पुरातत्व विभाग भी खर्च करेगा 50 लाख रुपए

नईनाथ धाम पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए पुरातत्व विभाग भी 50 लाख रुपए की राशि खर्च करेगा। इसके तहत पुरातत्व विभाग मंदिर परिसर में वाहनों के लिए पार्किंग, श्रद्धालुओं के बैठने के लिए बेंच लगाने, शौचालय, पेयजल आदि का निर्माण करेगा। पुरातत्व विभाग एक्सईएन मुकेश कुमार शर्मा ने बताया कि जल्द ही स्वीकृत कार्यों का निर्माण शुरू कराया जाएगा।

10 लाख की लागत से बनेगा भव्य दरवाजा

बांसखोह सरपंच सुमन शर्मा ने बताया कि नईनाथ धाम पर पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को आकर्षित करने के लिए गणेश मोड़ पर ग्राम पंचायत की ओर से करीब 10 लाख की लागत से एक भव्य दरवाजा बनाया जाएगा।

नईनाथ धाम को पर्यटन के रूप में विकसित करने के लिए मुख्यमंत्री से मिलकर बात की। इसी के तहत नईनाथ धाम लव कुश वाटिका पर 2 करोड़ रुपए की राशि खर्च होगी एवं पुरातत्व विभाग की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार के लिए 50 लाख रुपए की राशि खर्च होगी। इससे अब श्रद्धालुओं एवं पर्यटको की संख्या में भी इजाफा होगा।
लक्ष्मण मीना, विधायक बस्सी
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो