script5 रुपए का सिक्का डालो तो खादी का और 10 रुपए में जूट का बैग देगी मशीन | Municipality installed cloth bag vending machine in the town | Patrika News

5 रुपए का सिक्का डालो तो खादी का और 10 रुपए में जूट का बैग देगी मशीन

locationबस्सीPublished: Oct 08, 2021 10:20:28 pm

Submitted by:

Satya

शहर को प्लास्टिकमुक्त करने के लिए नगरपालिका की पहल, कस्बे में लगाई क्लॉथ बैग वैंडिंग मशीन

5 रुपए का सिक्का डालो तो खादी का और 10 रुपए में जूट का बैग देगी मशीन

5 रुपए का सिक्का डालो तो खादी का और 10 रुपए में जूट का बैग देगी मशीन


शाहपुरा। शाहपुरा नगरपालिका प्रशासन ने क्षेत्र को पॉलीथिन मुक्त करने को लेकर शाहपुरा कस्बे में नई पहल करते हुए क्लॉथ बैग वैंडिंग मशीन लगाई है। इस मशीन में 5 या 10 रुपए का सिक्का डालते ही खादी या जूट का बैग निकलकर बाहर आएगा। इस मशीन से पर्यावरण संरक्षण के लिए प्लास्टिक पॉलीथीन के विकल्प के रूप में आमजन को कपड़े व जूट की थैली मिलेगी। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ ही गौवंश की हो रही अकाल मौत भी थमेगी। साथ ही नगरपालिका को थैलियों से बार -बार नाले-नालियां जाम होने की समस्या से भी निजात मिलेगी।
अभियान की शुरुआत में फिलहाल नगरपालिका ने कस्बे के पीपली तिराहे पर यह क्लॉथ वैंडिंग मशीन लगाई है। इसकी लागत करीब 50 हजार रुपए से अधिक है। इसके बाद तीन-चार स्थानों पर और भी मशीनें लगाने की नगरपालिका की योजना है।
नगरपालिका चेयरमैन बंशीधर सैनी व ईओ ऋषिदेव ओला ने बताया कि नगरपालिका क्षेत्र को प्लास्टिक थैलीमुक्त करने को लेकर यह पहल शुरु की गई है। आमजन को इसका उपयोग कर शहर को पॉलीथीन मुक्त करने में प्रशासन का सहयोग करना चाहिए। ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ ही गायों की हो रही अकाल मौत, नालियां जाम जैसी कई समस्याओं से निजात मिल सके। चेयरमैन ने बताया कि कस्बे के पीपली तिराहे पर वैंडिंग मशीन लगा दी गई है। इस नवरात्र में इसका शुभारम्भ कर दिया जाएगा। इसके बाद जरूरत के हिसाब से अन्य स्थानों पर भी मशीन लगाई जाएगी।
विकल्प नहीं होने से बैन के बाद भी धड़ल्ले से हो रहा उपयोग
उल्लेखनीय है कि प्लास्टिक पॉलीथीन से हो रहे नुकसान हो देखते हुए सरकार ने प्लास्टिक पॉलीथीन पर प्रतिबंध लगाया हुआ है। इसके बावजूद इसका कोई विकल्प नहीं होने से
लोग बैन के बावजूद धड़ल्ले से काम ले रहे हैं। नगरपालिका प्रशासन की ओर से कई बार अभियान चलाकर दुकानों पर थलियां जब्त करने व जुर्माना वसूलने की कार्रवाई भी की, लेकिन कोई विकल्प नहीं होने से लोग फिर से काम लेने लग गए।
अब नगरपालिका प्रशासन ने यह पहल शुरू करते हुए क्लॉथ बैग वैंडिंग मशीन लगा दी है। इसमें सिक्का डालने पर खादी के कपड़ या जूट का बैग मिलेगा। यह मशीन बाजार में लगाई गई है। यदि कोई व्यक्ति घर से कपड़े का थैला लेकर नहीं गया तो वह इस मशीन से कपड़े या जूट का थेली निकालकर काम ले सकता है।
10 रुपए में जूट का और 5 रुपए में खादी का बैग निकालेगी मशीन
शाहपुरा नगरपालिका के स्वास्थ्य निरीक्षक कुलजीत सिंह ने बताया कि इस मशीन में दो तरह के बैग होंगे। 10 रुपए का सिक्का डालने पर जूट का बैग और 5 रुपए का सिक् का डालने पर खादी का बैग मिलेगा। व्यक्ति अपनी जरूरत के हिसाब से इसमें से बैग निकालकर काम ले सकता है।
अब प्लास्टिक थैलियां काम ली तो वसूलेंगे जुर्माना
शाहपुरा नगरपालिका के स्वास्थ्य निरीक्षक कुलजीत सिंह ने बताया कि अब शीघ्र ही नगरपालिका की ओर से प्लास्टिकमुक्त अभियान शुरू किया जाएगा। उक्त मशीन लगाने के बाद भी किसी ने प्लास्टिक थैली काम में ली तो उनसे जुर्माना वसूला जाएगा। दुकानों पर भी कार्रवाई होगी।
————–
प्लास्टिक से यह होते हैं नुकसान
-पर्यावरण को नुकसान
-प्लास्टिक थैलियां खाने से पेट में जमा होने से गौवंश की अकाल मौत
-प्लास्टिक थैली गलती नहीं, इसलिए कचरे के ढ़ेर बढ़ रहे
-नालियां जाम की समस्या बढ़ रही
————-
नगरपालिका की ओर से प्लास्टिकमुक्त अभियान के तहत पहल करते हुए क्लॉथ बैग वैंडिंग मशीन लगाई है। इस सप्ताह इसका शुभारम्भ किया जाएगा। इसके बाद तीन-चार स्थानों पर और मशीनें लगाने की योजना है। शहर को प्लास्टिकमुक्त करने और शहर को साफ सुथरा बनाने में आमजन को जागरुक होकर इसका उपयोग करना चाहिए। ताकि प्लास्टिक से उत्पन्न समस्याएं समाप्त हो। —-बंशीधर सैनी, चेयरमैन, नगरपालिका, शाहपुरा
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो