बस्सी

सरकारी स्कूलों के खेल मैदानों की बदलेगी तस्वीर

मनरेगा योजना के तहत बदहाल पड़े खेल मैदानों का कर रहे विकास-योजना के तहत समतलीकरण, ट्रैक निर्माण व मैदानों का होगा निर्माण

बस्सीJul 30, 2020 / 09:13 pm

Satya

सरकारी स्कूलों के खेल मैदानों की बदलेगी तस्वीर


शाहपुरा। वर्षों से बदहाल पड़े सरकारी स्कूलों के खेल मैदानों की अब तस्वीर बदलने लगी है। सरकार की मनरेगा योजना के तहत सरकारी स्कूलों के खेल मैदानों का विकास किया जा रहा है। हालांकि जिले में कई जगह तो मनरेगा श्रमिकों ने खेल मैदानों का विकास कार्य शुरू भी कर दिया है। जबकि कई जगह कार्य प्रगति पर है।
योजना के तहत उबड़ खाबड़ पड़े खेल मैदानों का समतलीकरण करना, खो-खो, वालीबॉल, कबड्डी आदि के मैदान व दौड़ ट्रैक तैयार करना आदि कच्चे कार्य मनरेगा योजना के तहत किए जा रहे हैं। विकास कार्य होने से वर्षों से बदहाल पड़े खेल मैदानों की तस्वीर बदलेगी, वहीं, विद्यार्थियों को भी खेलने की सुविधाएं मिलेगी।
वर्तमान में अधिकांश जगह सरकारी स्कूलों के खेल मैदान बदहाल स्थिति में होने से बच्चों को खेलने की जगह तक उपलब्ध नहीं है। कई जगह खेल मैदानों की जमीन उबड़ खाबड़ है, तो कई जगह मैदानों में कंटीलें झाड़ -झंखाड़ उगे होने से मैदान जंगल बने हुए हैं। जिले के शाहपुरा ब्लॉक में कई जगह मनरेगा श्रमिक खेल मैदानों की तस्वीर बदलने में लगे हुए हैं।
शाहपुरा ब्लॉक में 58 खेल मैदानों की सुधरेगी दशा


जिले की शाहपुरा पंचायत समिति क्षेत्र में पंचायत समिति प्रशासन ने मनरेगा की एक गांव चार काम योजना के तहत खेल मैदानों के कुल 58 कार्य स्वीकृत किए हैं। मनरेगा एईएन धीरेन्द्र गोयल ने बताया कि इस योजना में सभी जगह कच्चे कार्य होंगे। जिसमें जहां जरूरत होगी, वहां मैदानों का समतलीकरण और ट्रैक निर्माण, खेल मैदानों का निर्माण आदि विकास के कार्य होंगे। कई जगह कार्य पूर्ण भी हो चुके और कुछ जगह प्रगति पर है।

ब्लॉक में 38 काम पूर्ण, 20 में चल रहा विकास कार्य

शाहपुरा ब्लॉक में स्वीकृत किए गए 58 में से अब तक 38 कार्य पूर्ण हो चुके हैं। जबकि वर्तमान में 20 जगह खेल मैदानों का विकास कार्य प्रगति पर है। क्षेत्र में मनोहरपुर में दो जगह, घासीपुरा स्कूल, जगतपुरा स्कूल, धानोता, राडावास सहित कई ग्राम पंचायतों में सरकारी स्कूलों में खेल मैदानों का विकास कार्य प्रगति पर है।
धानोता में तो मनरेगा श्रमिकों ने मिट्टी से दौड़ के ट्रैक का आधे से अधिक निर्माण भी कर दिया है। अन्य जगह भी निर्माण कार्य प्रगति पर है।


खेल मैदानों की सुधरेगी दशा, बच्चों को खेलने की मिलेगी सुविधा
शिक्षा विभाग में खेल सुविधाओं पर बजट कम आने से शाहपुरा सहित सभी जगह कई सरकारी स्कूलों के खेल मैदानों का विकास नहीं होने से वर्षों से बदहाल पड़े हुए थे। अधिकांश जगह सरकारी स्कूलों के खेल मैदान ठीक स्थिति में नहीं होने से बच्चों को खेलने की जगह उपलब्ध नहीं है। कई जगह खेल मैदानों की जमीन उबड़ खाबड़ है तो कई जगह मैदानों में कंटीली झाडिय़ां उगी हुई है। जिससे खेल मैदान जंगल नजर आते थे। अब विकास होने से खेल मैदानों की तस्वीर बदलेगी, वहीं, विद्यार्थियों को भी खेलने की सुविधाएं मिलेगी।

शाहपुरा ब्लॉक की फैक्ट फाईल
ग्राम पंचायतें—33
खेल मैदानों के विकास के लिए स्वीकृत कार्य—58
कार्य पूर्ण हो चुके—38
वर्तमान में चल रहे कार्य—20


मनरेगा योजना में यह होंगे कार्य

-खेल मैदानों का समतलीकरण
-जिन स्कूलों के चारदीवारी नहीं है, वहां खाइयां खोदने का कार्य
-ट्रैक निर्माण
-कबड्डी, खो-खो व वालीबॉल मैदान
-पौधारोपण कार्य
————–
शाहपुरा ब्लॉक में मनरेगा योजना के तहत खेल मैदानों के विकास के लिए कुल 58 कार्य स्वीकृत हुए हैं। जिनमें से 38 कार्य पूर्ण हो चुके और वर्तमान में 20 जगह काम चल रहा है। इस योजना के तहत कच्चे कार्य होंगे।—–धीरेन्द्र गोयल, एईएन मनरेगा, पंचायत समिति शाहपुरा
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.