scriptदुर्गा अष्टमी पर कन्याओं की पूजा की, माता के मंदिरों में दर्शनों के लिए उमड़े श्रद्धालु | Worshiped girls on Durga Ashtami, devotees gathered in the temples of | Patrika News

दुर्गा अष्टमी पर कन्याओं की पूजा की, माता के मंदिरों में दर्शनों के लिए उमड़े श्रद्धालु

locationबस्सीPublished: Oct 13, 2021 09:20:15 pm

Submitted by:

Satya

दुर्गा माता के मंदिर में ढाई किलो चांदी का छत्र चढ़ाया

दुर्गा अष्टमी पर कन्याओं की पूजा की, माता के मंदिरों में दर्शनों के लिए उमड़े श्रद्धालु

दुर्गा अष्टमी पर कन्याओं की पूजा की, माता के मंदिरों में दर्शनों के लिए उमड़े श्रद्धालु

शाहपुरा। कस्बा सहित क्षेत्र में बुधवार को दुर्गाष्टमी पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर घरों व मंदिरों में कन्याओं का पूजन कर उनको भोजन कराया और आशीर्वाद लिया। दुर्गाष्टमी पर माता के मंदिरों में भी विशेष आयोजन हुए। मंदिरों में दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ रही।
शाहपुरा के अमरसरवाटी स्थित कालिका माता मंदिर, ग्राम बिदारा स्थित वैष्णो माता मंदिर, ऊबी कोठी स्थित प्रकटेश्वरी माता मंदिर, शाहपुरा कस्बे में बावड़ी स्थित कालका माता का मंदिर, मुख्य बाजार चौपड़ स्थित कालका माता का मंदिर, त्रिवेणी धाम स्थित ब्रह्माणी माता का मंदिर सहित क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में माता के दर्शनों के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ रही। नवरात्र के अवसर पर मंदिरों में आकर्षक सजावट की गई और प्रतिदिन माता का विशेष शृंगार किया जा रहा है।
श्रद्धालुओं ने दर्शन कर परिवार की सुख समृद्धि की कामना की। वहीं, दुर्गा अष्टमी पर्व पर घरों में भी लोगों ने कन्याओं को भोजन कराकर उनको उपहार भेंट किए और आशीर्वाद लिया।

दुर्गा माता के मंदिर में ढाई किलो चांदी का छत्र चढ़ाया
शाहपुरा। कूकस स्थित दुर्गा माता मंदिर में बुधवार को श्री अजमीढ़ जी सामुहिक विवाह समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में श्री अजमीढ़ जी सामुहिक विवाह समिति शाहपुरा तहसील की कार्यकारिणी को शपथ दिलाई गई एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। कार्यक्रम में सामुहिक विवाह समिति की ओर से दुर्गा माता के मंदिर में ढाई किलो चांदी का छत्र चढ़ाया गया एवं सामुहिक विवाह सम्मेलन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। शाहपुरा तहसील अध्यक्ष मामराज सोनी एवं उपाध्यक्ष बृजेश सोनी ने भी सामुहिक विवाह सम्मेलन की उपयोगिता पर प्रकाश डाला एवं समाज में सामुहिक विवाह सम्मेलन की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास करने का समाज बंधुओं से आह्वान किया।
कार्यक्रम में मुरारी लाल सोनी, अशोक सोनी, महेश सोनी, बलदेव सोनी, मदन सोनी, हनुमान सोनी, राजेंद्र सोनी, पप्पू सोनी, धर्मेंद्र कुमार सोनी, कमलेश सोनी समेत बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। बैठक के बाद माता के मंदिर में खीर व मालपुए का भोग लगाकर प्रसादी वितरित की गई। इस दौरान समिति पदाधिकारियों ने 14 नवंबर को देवउठनी एकादशी पर आयोजित होने वाले समाज के सामुहिक विवाह सम्मेलन में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो