कुम्हिया निवासी सुरेश पाल (62) गांव में ही बने ईंट-भट्ठे की देखरेख का काम करते थे। ग्रामीणों के अनुसार उनका बेटा पुनीत पाल प्राइवेट नौकरी करता है। उसकी शादी हो चुकी है, जबकि दो बेटियों में एक का विवाह करने के बाद दूसरी बेटी की शादी सुरेश तलाश रहे थे। बताया जा रहा है कि करीब दो बीघा खेत के मालिक सुरेश ने किसान क्रेडिट कार्ड पर एक लाख रुपए का लोन ले रखा था। इस कर्ज को वह नहीं चुका पा रहे थे। बेटी की शादी के लिए भी धन की आवश्कता थी। लिहाजा खेत बेचने की सोच रहे थे। इन सब बातों को लेकर सुरेश व उनकी पत्नी काफी परेशान चल रहे थे। दोनों की तबीयत भी ठीक नहीं थी।
पुलिस के अनुसार सुरेश व उनकी पत्नी सुमित्रा देवी (56) ने मंगलवार की रात कमरा अंदर से बंद कर लिया था। बहू ने आवाज दी तो दोनों ने सोने की बात कहकर दरवाजा नहीं खोला। रात करीब 11 बजे अनहोनी की आशंका पर सूचना पुलिस को दी गई। दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर दोनों की लाश पड़ी थी। कमरे में सल्फास की खाली शीशी फेंकी हुई थी। लालगंज पुलिस ने दोनों का शव कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।
BY- SATISH SRIVASTAVA