scriptBasti Bridge Hadsa : UP के बस्ती में निर्माणाधीन ओवर ब्रिज का 50 मीटर लम्बा हिस्सा गिरा | Over Bridge Collapse in UP Basti | Patrika News

Basti Bridge Hadsa : UP के बस्ती में निर्माणाधीन ओवर ब्रिज का 50 मीटर लम्बा हिस्सा गिरा

locationबस्तीPublished: Aug 11, 2018 01:29:24 pm

Basti Bridge Collapse Hadsa : एनएचएआई करा रही थी ओवर ब्रिज का निर्माण, मलबे में फंसा मजदूर निकाला गया, मुख्यमंत्री ने घायलों को उचित इलाज मुहैया कराने का दिया निर्देश।

Basti Over Bridge Collapse

बस्ती में ओवर ब्रिज गिरा

बस्ती. यूपी के बस्ती जिले में निर्माणाधीन ओवर ब्रिज का 50 मीटर बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर गया। ओवरब्रिज बस्ती-फैजाबाद फोरलेन पर नगर कोतवाली अन्तर्गत फुटहिया तिराहे पर बन रहा था। सुबह करीब सात से 7.30 बजे के बीच अचानक पुल का निर्माणाधीन हिस्सा गिरने से हड़कम्प मच गया। ब्रिज गिरता देख लोग इधर-उधर भागने लगे। जानकारी के मुताबिक एक घायल को मलबे से बाहर निकाला गया है, जबकि एक मजदूर वहां वहां फंसा हुआ बताया गया, जिसे बाद में निकाल लिया गया। प्रशासन किसी बड़ी मानवीय क्षति से इनकार कर रहा है। हालांकि चार लोगों के घायल होने की सूचनाएं आयी हैं।बनारस में हुए फ्लाईओवर हादसे के बाद यूपी में यह दूसरा बड़ा हादसा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घायलों को उचित ओर अच्छे से अच्छा इलाज मुहैया कराने के लिये जिला प्रशासन को आदेश दिया है। डीएम ने कहा है कि हादसे की जांच की जाएगी।

घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर बचाव एवं राहत दल के सदस्य पहुंच गए। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद हैं। ओवर ब्रिज के अचानक ढहने से अफरातफरी मच गई। बताया गया है कि जिस समय ओवर ब्रिज का निर्माणाधीन हिस्सा गिरा उस समय वहां बगल से लोगों का आना-जाना रहता था। पर जब यह हादसा हुआ तो उस वक्त भीड़ नहीं थी। गनीमत रही कि बनारस की तरह कोई बड़ी मानवीय क्षति नहीं हुई। घटना की सूचना मिलने पर बस्ती के डीएम व एसपी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
जानकारी के मुताबिक इस ओवरब्रिज का निर्माण एनएचआई द्वारा करवाया जा रहा था। इसके निर्माण का ठेका बीसीआईपीएल को मिला। शुरुआती जानकारी के मुताबिक एनएचआई के इंजीनियरों का जिम्मा था कि वे समय-समय पर पुल का निरीक्षण करते रहें ताकि कोई गडबडी न हो। बावजूद इसके इतना बड़ा हादसा हो गय।
जिलाधिकारी ने कहा है कि पुलि हादसे की जांच करायी जाएगी। इस घटना में जो भी दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उधर घटना के बाद एनएचएआई के लोगों से मीडिया की बात नहीं हो सकी।
जिलाधिकारी की ओर से मीडिया के लिये जारी की गयी जानकारी में उन्होंने बताया है कि हादसे में एक मजदूर घायल हुआ है जिसकी नाइट शिफ्ट की ड्यूटी थी। इसके अलावा कोई हताहत नहीं हुआ है। हादसे के एहतियातन बैरिकेडिंग और बैरियर लगाकर बगल से आवागमन शुरू कर दिया गया है। हादसे की सूचना NHAI के परियोजना निदेशक को दे दी गयी है।
By Satish Srivastava
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो