बेगूसराय

बेगूसराय से ही लड़ेंगे गिरिराज सिंह चुनाव,अमित शाह ने ट्वीट कर दी शुभकामनाएं

इधर बेगूसराय को लेकर गिरिराज सिंह की नाराजगी पर कन्हैया कुमार ने भी चुटकी ली…

बेगूसरायMar 27, 2019 / 04:25 pm

Prateek

giriraj singh file photo

(पटना,बेगूसराय): भाजपा की ओर से नवादा के बजाए बेगूसराय संसदीय सीट से उम्मीदवार बनाए जाने के बाद से नाराज चल रहे गिरिराज सिंह बेगूसराय से ही चुनाव लड़ेंगे। भाजपाध्यक्ष अमित शाह ने उनकी बातों को गौर से सुनने के बाद यह फैसला किया और ट्वीट कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। शाह ने लिखा कि गिरिराज सिंह की समस्याओं का निबटारा किया जाएगा।


गिरिराज सिंह अपनी सीट नवादा से बेगूसराय किए जाने पर नाराज चल रहे थे। उन्होंने प्रदेश भाजपा नेतृत्व से नाराजगी जताई थी। केंद्रीय नेतृत्व ने उनकी नाराज़गी को गंभीरता से सुना। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने उनकी एक—एक बात सुनी और ट्वीट कर भरोसा दिया। साथ ही बेगूसराय से चुनाव लड़ने पर जीत की शुभकामनाएं भी दीं।

https://twitter.com/girirajsinghbjp?ref_src=twsrc%5Etfw

बेगूसराय सीट पर इनका मुकाबला जेएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष और सीपीआई उम्मीदवार कन्हैया कुमार और आरजेडी केतनवीर हसन से है। गिरिराज सिंह सीट बदले जाने से जबर्दस्त नाराज़ हुए और प्रदेश नेतृत्व पर भड़ास निकाली। हालांकि रामविलास पासवान ने स्पष्ट कर दिया कि उनका नवादा सीट पर जोर कभी नहीं था। नवादा और बेगूसराय में कोई भी सीट उन्हें चाहिए थी। पासवान के अनुसार चिराग पासवान ने गिरिराज सिंह को फोन कर इस बारे में पूछा तो उन्होंने इतना ही कहा कि हम चुनाव ही नहीं लड़ेंगे। पासवान ने मीडिया को बताया कि हमारी पार्टी किसी सीटिंग सीट और वह भी मंत्री की सीट बदलने के पक्षधर नहीं थी। लेकिन गिरिराज सिंह ने बेगूसराय पर कोई आपत्ति कभी नहीं की।


इधर बेगूसराय को लेकर गिरिराज सिंह की नाराजगी पर कन्हैया कुमार ने भी चुटकी ली। उन्होंने सिंह को पापड़ तोड़ बयाधबाज बताते हुए कहा कि वह हार से डर गए हैं। बता दें कि बिहार के लेनिनग्राद कहे जाने वाले बेगूसराय में इस बार भोला सिंह की जगह गिरिराज सिंह चुनाव मैदान में होंगे। इनके खिलाफ सीपीआई ने कन्हैया कुमार को उतारा है पर यह महागठबंधन के उम्मीदवार नहीं हैं। आरजेडी ने पूर्व एम एलसी तनवीर हसन को उम्मीदवार बनाया है। भूमिहार और मुस्लिम बहुल इस क्षेत्र से पिछली बार भाजपा के भोला सिंह और 2009 में जदयू के मोनाजिर हसन की जीत हुई थी।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.