scriptआरक्षित वार्डों के अलावा अन्य वार्डों में भी भाग्य आजमा रही 12 महिला प्रत्याशी | 12 women candidates trying their luck in unreserved wards | Patrika News

आरक्षित वार्डों के अलावा अन्य वार्डों में भी भाग्य आजमा रही 12 महिला प्रत्याशी

locationबेमेतराPublished: Dec 15, 2019 10:07:49 pm

जिले के निकायों में हो रहे चुनाव के दौरान महिलाओं के लिए आरक्षित वार्डों के अलावा अन्य वार्डों में 12 महिलाओं द्वारा भाग्य अजमाया जा रहा है।

आरक्षित वार्डों के अलावा अन्य वार्डों में भी भाग्य आजमा रही 12 महिला प्रत्याशी

आरक्षित वार्डों के अलावा अन्य वार्डों में भी भाग्य आजमा रही 12 महिला प्रत्याशी

बेमेतरा . जिले के निकायों में हो रहे चुनाव के दौरान महिलाओं के लिए आरक्षित वार्डों के अलावा अन्य वार्डों में 12 महिलाओं द्वारा भाग्य अजमाया जा रहा है। जिले के बेमेतरा नगर पालिका में 4 प्रत्याशी, बेरला नगर पंचायत में 1, साजा में 2 वार्ड में 4 महिला प्रत्याशी, परपोड़ी में 1 महिला प्रत्याशी, थानखम्हरिया में 2 महिला प्रत्याशी मैदान में हैं। जिले में सामान्य वार्ड से चुनाव लडऩे वाली महिला प्रत्याशी अन्य प्रत्याशियों को कड़ी टक्कर दे रही हैं।
बेमेतरा में अनारक्षित वार्ड से कांग्रेस की 2 और शिवसेना की हैं 1 महिला प्रत्याशी
ज्ञात हो कि जिले के 111 वार्डों के लिए इस बार 322 प्रत्याशी भाग्य आजमा रहे हैं। जिले के बेमेतरा नगर पालिका के 21 वार्डों में महिलाओं के लिए आरक्षित वार्डों के अलावा सामान्य वार्डों से भी महिलाएं चुनाव लड़ रही हैं। नगर पालिका में कांग्रेस ने अनारक्षित वार्ड से दो महिलाओं को चुनाव मैदान में उतारा है। वहीं शिवसेना ने एक महिला प्रत्याशी को उतरा है, वहीं एक महिला प्रत्याशी निर्दलीय के तौर किस्मत आजमा रही हैं।
वार्ड 15 में 4 पुरुष प्रत्याशियों से टक्कर ले रहीं निर्दलीय महिला प्रत्याशी
नगर पालिका के वार्ड 5 में अन्य पिछड़ा वर्ग से मुक्त वार्ड से काग्रेस से राजू साहू व भाजपा से बिरेन्द्र साहू चुनाव मैदान में हैं, वहीं शिवसेना से महिला प्रत्याशी जमुना वर्मा चुनाव लड़ रही हैं। वार्ड 15 से 5 प्रत्याशी चुनाव लड रहे हैं। इस वार्ड में तीनों दलों ने अपने प्रत्याशी को मैदान में उतारा है, जिसमें कांग्रेस के प्रत्याशी विकास भुवाल, भाजपा से घनश्याम देवांगन, शिवसेना से अजीत सिह राजपूत, निर्दलीय गुनेश चौहान व निर्दलीय के तौर पर हेमलता शर्मा चुनाव मैदान में हैं। अनारक्षित वार्ड मुक्त होने के बाद भी महिला चुनाव लड़कर कड़ी टक्कर दे रही हैं। वार्ड 19 अनारक्षित में कांग्रेस की रश्मि फणेंद्र मिश्रा व भाजपा के घनश्याम ताम्रकार प्रत्याशी हैं। वार्ड 20 में भी इसी तरह की स्थिति है। वार्ड में कांग्रेस प्रत्याशी शकुंतला साहू, भाजपा के राकेश मोहन शर्मा के खिलाफ चुनाव मैदान में हैं। वार्ड अनारक्षित मुक्त है।
साजा में चार तो थानखम्हरिया में दो महिला प्रत्याशी
साजा नगर पंचायत में दो वार्ड से 4 महिला प्रत्याशी मैदान में हैं, जिसमें 3 प्रत्याशी एक ही वार्ड से चुनाव लड़ रही हैं। जिले में सर्वाधिक प्रत्याशियों वाला वार्ड साजा नगर पंचायत का वार्ड 1 है, जहा पर 6 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, वार्ड अनारक्षित मुक्त है। इस वार्ड से राजेन्द्र सिह भाजपा, अशोक वर्मा निर्दलीय, सौरभ दुबे निर्दलीय, शालिनी जायसवाल कांग्रेस, सरस्वती यादव निर्दलीय, सरिता साहू निर्दलीय के तौर पर मैदान में हैं। इस वार्ड में 3 महिला व 3 पुरुष प्रत्याशी हैं। साजा नगर पंचायत के एक अन्य वार्ड 11 अनारक्षित मुक्त वार्ड में भाजपा से हंसा शर्मा, कांग्रेस के चंद्रकुमार सिन्हा के खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं। थानखम्हरिया नगर पंचायत में वार्ड 3 अनारक्षित वार्ड से दोनों राष्ट्रीय दलों ने महिला प्रत्याशी को चुनाव मैदान में उतारा है। जिसमें सोनिया जोशी कांगे्रस व अनिता बाई भाजपा और अनीश अग्रवाल व नरेन्द्र सिन्हा निर्दलीय के तौर पर चुनाव मैदान में हैं।
बेरला व परपोड़ी में एक-एक महिला प्रत्याशी
जिला मुख्यालय के अलावा बेरला नगर पंचायत में वार्ड 9 अनुसुचित जाति वार्ड से निर्दलीय के तौर पर राज विशाल देशलहरे चुनाव लड़ रही हैं। इस वार्ड में 5 प्रत्याशी हैं, जिसमें राधेलाल बघेल भाजपा, रासबिहारी कांग्रेस व धमेन्द्र टंडन निर्दलीय के तौर पर मैदान में है। परपोड़ी नगर पंचायत में वार्ड 13 अनारक्षित वार्ड से महिला प्रत्याशी ज्योति लक्ष्मण चौबे चुनाव लड़ रही हैं, वार्ड में 5 दावेदार हैं। जिसमें हेमराज पाल भाजपा, पल्टन दास मानिकपुरी कांग्रेस सहित चंद्रप्रकाश निर्दलीय व दानीदास मानिकपुरी निर्दलीय के तौर पर चुनाव मैदान में हैं।
नगर पालिका में 1 और नगर पंचायत में 3 अध्यक्ष पद महिला आरक्षित
जिले के निकायों में बेमेतरा नगर पालिका का अध्यक्ष पद महिला अनारक्षित है। वहीं नगर पंचायत साजा, थानखम्हरिया व परपोडी में अध्यक्ष पद महिला अनारक्षित वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है। इसके आलावा देवकर नगर पंचायत अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित है, जिसे देखते हुए सामान्य वार्डों में भी राजनीतिक दलों के द्वारा महिला को मैदान में उतारने के पीछे पार्षद पद के अलावा अध्यक्ष पद के लिए तैयार किए जाने के समीकरण का हिस्सा माना जा रहा है। बहरहाल महिला प्रत्याशी अपने प्रतिद्वंदियों को कड़ी टक्कर देने में जुटी हुई है। इन वार्डों में मुकाबला रोचक हो गया है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो