script

छात्रा ने लोकसभा अध्यक्ष से पूछा, क्यों आई राजनीति में

locationबेमेतराPublished: Sep 20, 2017 12:41:51 am

जिले के 26 सेवानिवृत्त शिक्षकों, 20 प्रतिभावान विद्यार्थियों, दो दिव्यांग बच्चों सहित राष्ट्रीय वीरता पुरस्कार प्राप्त एक छात्र को किया गया सम्मानित

Teacher honor ceremony
बेमेतरा . बेसिक स्कूल मैदान बेमेतरा में आयोजित 32 वां शिक्षक सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुई लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने जिले के शिक्षकों व विद्यार्थियों की खूब सराहना की। जिले के विद्यार्थियों ने भी इस मौके का लाभ उठाया और अपनी जिज्ञासाओं के साथ-साथ अपनी प्रतिभा का भी परिचय दिया। समारोह के दौरान एक छात्रा ने लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन से सीधे पूछ लिया कि आप राजनीति में क्यों आई? यह सवाल सुनकर सुमित्रा महाजन के चेहरे पर चमक आई और उन्होंने छात्रा की निडरता की प्रशंसा करते हुए बताया कि राजनीति में आने का उनका मकसद नहीं था लेकिन कुछ ऐसे कार्य करने थे, जिनकी बदौलत राजनीति में उन्हें आना पड़ा। जनता को उनकी सुविधाएं मुहैया कराना मेरा मकसद है।

शिक्षक बच्चों को केवल पढ़ाते नहीं, संस्कार भी देते हैं
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने कहा कि शिक्षक बनना आसान नहीं है, शिक्षक वह आग का गोला है, जो खुद को तपा कर बच्चों का भविष्य संवारते हैं। शिक्षक बच्चों को केवल पढ़ाते ही नहीं बल्कि संस्कारवान भी बनाते हैं। शिक्षक शिक्षा की रीढ़ हैं। जिनकी बदौलत छात्र सफलता हासिल कर मंजिल तक पहुंचता है। शिक्षक और डॉक्टर कभी सेवानिवृत्त नहीं हो सकते। आज हमारे शिक्षक अभावों के बावजूद बच्चों की शिक्षा में अहम भूमिका निभा रहे हैं। समारोह में सुमित्रा महाजन ने कहा कि बेमेतरा जिले के बच्चे अभावों के बीच भी सच्ची लगन व कड़ी मेहनत कर अच्छे अंक हासिल कर जिले को पहचान दिला रहे हैंं।

11.20 बजे हेलीकॉप्टर से पहुंचीं लोस अध्यक्ष
पीजी कॉलेज परिसर स्थित हेलीपेड में सुबह 11:20 बजे हेलीकॉप्टर से पहुंचे। मुख्य अतिथि व मुख्यमंत्री 11.40 बजे आयोजन स्थल बेसिक स्कूल मैदान पहुंचे। इसके बाद मुख्य अतिथि सुमित्रा महाजन, मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, विस अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, शिक्षा मंत्री केदार कश्यप, मंत्री डीडी बघेल, विधायक अवधेश चंदेल ने दीप जलाया। तत्पश्चात लोकसभा अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ने बेमेतरा जिले के 26 सेवानिवृत्त शिक्षकों, 20 प्रतिभावान विद्यार्थियों, दो दिव्यांग बच्चों, सहित राष्ट्रीय वीरता पुरस्कार प्राप्त एक छात्र को सम्मानित किया। समिति द्वारा प्रकाशित स्मारिका का विमोचन भी किए।

शिक्षा और स्वास्थ्य है प्राथमिकता
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि मोदी सरकार शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में विकास के साथ युवाओं के लिए कई योजनाएं को लागू की जा रही है। आज शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे युवाओं के लिए छग पहला राज्य है जहां 27 लाईवलीवुड कालेज, इंजीनियरिंग कालेज, शिक्षा के लिए गांव गांव में स्कूल खोले गए हैं। प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए 50 हजार स्कूलों में 54 लाख बच्चों के लिए 2 लाख 44 हजार शिक्षकों की व्यवस्था की गई है।

किसानों को चिंता से उबारेगी सरकार
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि किसानों को सूखे के कारण चिंतित होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि उन सभी किसानों को सूखे से उबारने के लिए रमन सरकार जिम्मेदारी लेता है। सूखे से निपटने के लिए योजनाएं बनाई गई है। जल्द ही दीपावली के पूर्व प्रदेश के 13 लाख किसानों को धान का बोनस दिया जाएगा। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल ने कहा कि शिक्षक सड़क की तरह है, जिसकी ज्ञान की दूरी अनंत है, जो सड़क की तरह बच्चों को आगे कामयाबी तक ले जाने में मदद करता है। विधायक अवधेश सिंह चंदेल ने आयोजन के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।
पेंशन से शौचालय बनवाने वाली टेटकी बाई की हुई तारीफ
लोकसभा अध्यक्ष ने पेंशन की राशि से शौचालय बनाने वाली नवागढ़ ब्लॉक के ग्राम तोरा की टेटकी बाई की तारीफ करते हुए कहा कि यह गौरव की बात है कि राज्य में ऐसी भी महिलाएं है, जो समाज को आईना दिखाने का कार्य कर रही हैं। लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन के पहली बार बेमेतरा आगमन को यादगार बनाने के लिए हेलीपेड से लेकर आयोजन स्थल तक मार्ग पर पडऩे वाले चौक चौराहों को सजाया गया था। वहीं कई स्थानों पर छत्तीसगढ़ी लोक कलाकारों द्वारा पारंपरिक लोकनृत्य की शानदार प्रस्तुति दी गई। महिला कलाकारों ने सुवा गीत, ददरिया, कर्मा गीत, बस्तरिया गीतों से मोहक प्रस्तुति दी।

30.53 करोड़ के 9 कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन
32 वां शिक्षक सम्मान समारोह में लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन और मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने जिलेवासियों को 30 करोड़ 53 लाख 44 हजार रुपए लागत के 9 कार्यों की सौगातें दी। जिसमें 2 करोड़ 97 लाख 54 हजार रुपए लागत के 5 कार्यों का लोकार्पण और 27 करोड़ 55 लाख 90 हजार रुपए लागत के चार कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। लोकार्पण कार्यों में 49.75 लाख रुपए लागत से नवनिर्मित शासकीय हाईस्कूल भवन निनवा, 49.75 लाख रुपए लागत से नवनिर्मित शासकीय हाईस्कूल भवन खिलोरा, 57.46 लाख रुपए लागत से नवनिर्मित शासकीय उच्चत्तर माध्यमिक शाला भवन जेवरा, 93.35 लाख रुपए लागत से नवनिर्मित शासकीय उच्चत्तर माध्यमिक शाला देवरबीजा तथा 45.23 लाख रुपए लागत से नवनिर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र आनंदगांव शामिल हंै। इसी प्रकार भूमिपूजन कार्यों में 1195.48 लाख रुपए लागत के पेण्ड्रीतराई, गुधेली, भालेसर 6.60 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण, 575.25 लाख रुपए लागत के हडसपुर-घिवरी मार्ग के करूवा नाला पर पुल निर्माण, 911.44 लाख रुपए लागत के शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज बेरला में नवीन भवन निर्माण तथा 73.73 लाख रुपए लागत के शासकीय हाईस्कूल भवन निर्माण हरदी शामिल हैं।

समारोह में इन्होंने की शिरकत
समारोह में जिला भाजपा अध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा, नपाध्यक्ष विजय सिन्हा, नपा उपाध्यक्ष विजय सुखवानी, जिला भाजपा महामंत्री विकासधर दीवान, बेरला जनपद अध्यक्ष उमा नायक महेश साहू, अनिल माहेश्वरी, दीपक तिवारी, राजेश खिलयानी, गौरव साहू, ललिता साहू, विकास घरडे, कमलेश ठाकुर, विकास तंबोली, रमला साहू, संदीप यादव, शिव साहू, केशव नामदेव, सुमन बंजारे, अशोक शर्मा, नीलु राजपूत, योगेशपुरी गोस्वामी, मोंटी साहू, नीतु कोठारी, अनिल छाबड़ा, गिरीश शर्मा, विनोद दुबेे, हरीश नायक श्याम सलूजा, भीम वर्मा, नीलु छाबड़ा, पंचू साहू,, अमोला पटेल, लक्ष्मी साहू, सुकवारो सिन्हा, मनोज मिश्रा, सुभाष शर्मा, राकेश मोहन शर्मा, दिलीप शर्मा, सुखेन्द्र सलुजा, रविन्द्र छाबड़ा, अरूण राठी, सुनील डागा, लखन वर्मा, जयप्रकाश बघेल, गणेश माहेश्वरी, शेखर वर्मा उपस्थित थे।

ट्रेंडिंग वीडियो