बेमेतरा

बेमेतरा में बड़ा हादसा, कच्ची मकान ढहने से बुजुर्ग दादी और नातिन की मौत, मलबे से बाहर निकलते ही थम गई सांसें

बेमेतरा जिले के नवागढ़ ब्लॉक में बारिश से कच्चा मकान ढह गया। इस दर्दनाक हादसे में 80 साल की बुजुर्ग दादी और उसकी 21 साल की नातिन की मौत हो गई।

बेमेतराSep 16, 2021 / 11:46 am

Dakshi Sahu

बेमेतरा में बड़ा हादसा: कच्चा मकान ढहने से बुजुर्ग दादी और नातिन की मौत, मलबे से बाहर निकलते ही थम गई सांसे

बेमेतरा. बेमेतरा जिले के नवागढ़ ब्लॉक में बारिश से कच्चा मकान ढह गया। इस दर्दनाक हादसे में 80 साल की बुजुर्ग दादी और उसकी 21 साल की नातिन की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार घटना नांदघाट थाना के अंतर्गत आने वाले मारो चौकी के ग्राम खेड़ा की है। पुलिस ने बताया कि घटना बुधवार रात लगभग 11 बजे की है। लगातार बारिश से कच्चा मकान ढह गया। दादी और नातिन खाना खाकर रात में सो रहे थे। इसी बीच मकान भरभरा कर ढह गया। मलबे में दबने से दोनों की मौत हो गई। मृतक बुजुर्ग की पहचान धनईया बाई उम्र 80 वर्ष और नातिन 21 वर्षी इश्वरी यादव के रूप में की गई है। दोनों के शव को गुरुवार को पीएम के लिए भेज दिया गया है।
सरपंच ने दी चौकी में सूचना
पुलिस ने बताया कि मकान ढहने और दो लोगों की मौत की सूचना गांव के सरपंच ने मारो चौकी में दी थी। जिसके बाद पुलिस टीम घटना स्थल पर रवाना किया गया। मृतक के पड़ोस में रहने वाले लोगों ने बताया मकान गिरते ही चीख पुकार मच गई। जब तक दोनों को मलबे से बाहर निकाला गया उनकी सांसें थम गई थी। मलबे से मृतकों को निकालने से पहले एंबुलेंस बुला लिया गया था। डॉक्टरों ने दोनों घायलों की जांच के बाद मौत की पुष्टि कर दी। नांदघाट थाना प्रभारी विपिन रंगारी ने बताया कि मृतकों के शवों को पीएम के लिए भेजा गया है। घटना की जांच शुरू कर दी गई है। इधर राजस्व विभाग की टीम भी सूचना के बाद घटना स्थल पहुंचने के लिए निकल गई है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.