बारिश के कारण फसल हो रही प्रभावित, चिंता में किसान
बेतुलPublished: Oct 22, 2019 11:17:19 pm
दीपावली के त्यौहार पर पड़ सकता है असर
दीपावली के त्यौहार पर पड़ सकता है असर
मुलताई. नगर सहित क्षेत्र में एक बार फिर बारिश के कारण किसानों को परेशानी झेलना पड़ रहा है। बारिश से फसल प्रभावित हो गई है वहीं दूसरी फसल के लिए खेत बनाने में किसानों को परेशानी हो रही है। फिलहाल तीन-चार दिन से फिर मौसम में बदलाव हुआ है। ऐसी स्थिति में पूरे क्षेत्र में ठंड का असर भी बढ़ गया है। किसानों ने बताया कि फिलहाल सोयाबीन एवं मक्का की कटाई के बाद दावन का समय है जिससे कई जगह खेतों में व खलियान में फसल कट के रखी हुई है। फसल की दावन कर ही रहे थे कि फिर बारिश प्रारंभ हो गई जिससे किसान दावन नहीं कर पा रहे हैं। किसान राजू पंवार ने बताया कि सोयाबीन व मक्का की कटाई के बाद किसान दूसरी फसल के लिए खेत बनाने की तैयारी कर ही रहे थे कि बारिश होने से वह कार्य भी रोकना पड़ा। किसानों के अनुसार पूर्व में जहां लगातार बारिश ने सोयाबीन एवं मक्का की फसल प्रभावित कर दी जिससे फसल जड़ से गल गई वहीं कीटों के प्रकोप से भी फसल को क्षति पहुंची है। किसान परेशान हो गया है।
दीपावली का त्यौहार हो सकता है प्रभावित : इस वर्ष दीपावली त्योहार पर भी क्षेत्र में खराब हुई फसल का असर पडऩे की संभावना है। अतिवृष्टि से किसानों की फसल खराब हो गई है वहीं विगत कुछ दिनों से फिर बारिश ने किसानों को क्षति पहुंचाने की रही-सही कसर भी पूरी कर दी है।
हो रही बारिश, गेहूं और चना की फसल में विलंब हुआ तो बढ़े सकती है परेशानी
सोयाबीन व मक्का की फसल काटने के बाद जहां किसान तत्काल खेत बनाकर गेहूं और चना की फसल की बोवनी करता है वहीं इस वर्ष बारिश के कारण बोवनी प्रभावित हो गई है। किसानों के अनुसार अभी कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है। अभी भी बादल बने हुए हैं ऐसे में बारिश हो रही है यह कब रूकेगी इसका कोई ठिकाना नहीं है। यदि बारिश नहीं रूकी तो गेंहू और चने की फसल प्रभावित हो जाएगी और यदि बोवनी में विलंब होता है तो इससे किसानों की परेशानी भी बढ़ सकती है। इधर लगातार हल्की बारिश हो रही है जिससे ऐसा लग रहा है मानों दीपावली त्योहार भी बारिश के कारण प्रभावित हो सकता है।