script१२ वर्ष से जारी मां ताप्ती पदयात्रा निकाली | Mother Tapti walks released for 12 years | Patrika News

१२ वर्ष से जारी मां ताप्ती पदयात्रा निकाली

locationबेतुलPublished: Jan 16, 2018 05:20:52 pm

Submitted by:

pradeep sahu

मां ताप्ती दर्शन पदयात्रा, 1000 किलोमीटर की होगी यात्रा

yatra

१२ वर्ष से जारी मां ताप्ती पदयात्रा निकाली

मुलताई. मां ताप्ती दर्शन पदयात्रा को आज तक शासन का सहयोग नहीं मिला लेकिन इसके बावजूद विगत 12 वर्षों से सतत चल रही है जिसके पीछे लोगों की मां ताप्ती के प्रति श्रद्धा और जागरुकता है। यह उद्गार सोमवार सुबह मां ताप्ती दर्शन पदयात्रा के श्रीगणेश पर यात्रा के आधार स्तंभ पूर्व कलेक्टर डीएस राय ने व्यक्त किए। इस दौरान कलेक्टर शशांक मिश्र, भाजपा जिलाध्यक्ष जितेन्द्र कपूर, केके पांडे, विधायक चंद्रशेखर देशमुख, पूर्व विधायक सुखदेव पांसे व पदयात्री उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि आज से 12 वर्ष पूर्व मात्र 20-25 लोगों से यात्रा प्रारंभ हुई थी जो आज एक विशाल पदयात्रा बन गई है।
साल दर साल पदयात्रा का स्वरूप मां ताप्ती की कृपा से बढ़ता ही जा रहा है। केके पांडे ने कहा कि जल संरक्षण को मूर्त रूप देने के लिए यह पहल अब विविधता में एकता की मिसाल बन गई है। यात्रा के सूत्रधार जितेन्द्र कपूर ने कहा कि बिना सत्ता एवं प्रशासन के यात्रा सतत चल रही है ये मां ताप्ती का ही पुण्य प्रताप है। कलेक्टर शशांक मिश्र ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य जल संरक्षण है जो धार्मिकता के साथ ही जागरुकता का भी संदेश है जो अत्यंत सुखद है। जो नदी पहले अविरल बहती थी लेकिन आज वो स्थिति नहीं हैं इसलिए हमारा उद्देश्य फिर से उसे उसी स्थिती में लाना है। इसके लिए ताप्ती पर दो बड़े बांध भी बनने जा रहे हैं। जल संरक्षण के साथ हमें स्वच्छता पर भी पूरा ध्यान केन्द्रित करना होता ताकि ताप्ती के तट स्वच्छ एवं सुन्दर नजर आएं। विधायक देशमुख ने समस्त पदयात्रियों का इस कठिन यात्रा के लिए आभार जताया। पूर्व विधायक पांसे ने भी कहा कि हम पदयात्रियों के हमेशा ऋणी रहेंगे जो मां ताप्ती के लिए अपना सहयोग देकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। संजय यादव ने कहा कि मां ताप्ती विकास प्राधिकरण बनना जरूरी है जिससे कुछ समस्याएं स्वत: ही समाप्त हो जाएगी।
34 दिन में 1000 किलोमीटर की होगी यात्रा

मां ताप्ती दर्शन पदयात्रा पहले जहां बैतूल जिले की सीमा तक ही जाती थी वहीं पिछले वर्ष से यात्रा का स्वरूप बढ़ा है अब पदयात्रा गुजरात ताप्ती के संगम स्थल डूमस तक जाने लगी है। इस वर्ष 34 दिनों में यह यात्रा पूर्ण होगी जिसमें पदयात्री 1000 किलोमीटर तक यात्रा करते हुए मां ताप्ती के प्रति लोगों में जागरुकता का संचार करेंगे। यात्रा में महाराष्ट्र के जलगांव से भगवान जी तथा गुजरात के सूरत से मलय भाई भी शामिल हुए। पदयात्रा का जगह-जगह भव्य स्वागत होगा तथा शाम को यात्रा का पड़ाव होगा। मां ताप्ती दर्शन यात्रा समिति के राजू पाटनकर, अजय यादव, तुकाराम कड़ुकार, लक्ष्मीचंद अग्रवाल, अनिला पंवार ने बताया कि इस वर्ष पदयात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए हैं तथा धीरे-धीरे यात्रा को व्यापक प्रतिसाद मिलता जा रहा है।

ट्रेंडिंग वीडियो