जानकारी के मुताबिक सांईखेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सेलगांव निवासी भोंदूलाल इवने के घर उसकी बेटी की गुरुवार को शादी थी। ग्राम लाखापुर से बारात आने वाली थी। शादी की सभी तैयारियां हो चुकी थी। बस सुबह बारात का इंतजार था। घर में रात में सभी तैयारियां चल रही थी।
बताया गया कि भोंदू की पत्नी जगोती (50) को बुधवार रात में अचानक सीने में दर्द हुआ। उसे रात में ही प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, फिर यहां से जिला अस्पताल ले गए। बुधवार रात में 12 बजे में जगोती की मौत हो गई। परिजनों ने महिला की अंत्येष्टि कर दी है।
परिजनों ने बताया कि जगोती बाई की सबसे छोटी बेटी किरन इवने की गुरुवार दोपहर में शादी थी। मां की मौत अचानक होने से शादी की खुशियां मातम मे बदल गई। जिस घर से बेटी की डोली उठने वाली थी, वहां से मां की अर्थी उठी। यह जिन लोगों को पता चला सभी की आंखे भर आई और ढांढस बताया।
बताया गया कि जगोती की तीन बेटी और तीन बेटे हैं। दो बेटी और दो बेटों की शादी हो चुकी है। वहीं मां की मौत के चलते बेटी की शादी को आगे बढ़ा दिया है।