scriptभाजपा से नकली आदिवासी को सांसद बनाने का बदला लें: कमलनाथ | Take revenge for making fake tribals MP from BJP: Kamal Nath | Patrika News

भाजपा से नकली आदिवासी को सांसद बनाने का बदला लें: कमलनाथ

locationबेतुलPublished: Apr 27, 2019 11:12:15 am

Submitted by:

rakesh malviya

मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शुक्रवार को बैतूल जिले के भौरा गांव में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कही

kamal nath

भाजपा से नकली आदिवासी को सांसद बनाने का बदला लें: कमलनाथ

बैतूल. भाजपा ने नकली आदिवासी को सांसद बना कर पूरे लोकसभा क्षेत्र की जनता के साथ छल किया है। अब कांग्रेस के असली आदिवासी उम्मीदवार को जिताकर आपको उस छल का बदला लेना है। विधानसभा चुनाव में मामा को रवाना किया और अब लोकसभा चुनाव में मोदी को भी रवाना करेंगे। यह बात शुक्रवार को मुख्यमंत्री कमलनाथ ने बैतूल जिले के भौरा गांव में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कही।
नाथ ने कहा कि 30 साल से बैतूल जिले ने मुझे सेवा का मौका ही नहीं दिया। बीते विधान सभा में आपने कांग्रेस के विधायक को जिताया, इसका मतलब है आपने सच्चाई का साथ दिया। जब से कांग्रेस की सरकार बनी है 112 दिन हुए हंै। इतने कम समय में 21 लाख किसानों का कर्ज माफ किया है। बाकी बचे किसानों का कर्ज भी चुनाव आचार संहिता के बाद माफ कर दिया जाएगा। अब घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र के विकास की जिम्मेदारी मेरी हैं। विगत वर्षों से विकास रुक गया था, अब कांग्रेस की सरकार बनने के बाद क्षेत्र के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से 15 साल का और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से पांच साल का हिसाब मांगा।
उन्होंने कहा कि आज का नौजवान इंटरनेट से जुड़ा है, वह सब समझता है। मोदी ने हर साल 2 करोड़ युवाओं को रोजगार देने की बात की थी। पांच वर्ष में किसी को रोजगार नहीं मिला। कांग्रेस गरीबों के बारे में सोचती है भाजपा बड़े बड़े उद्योगपति के बारे में। पीएचई मंत्री सुखदेव पांसे ने कहा कि शिवराज सरकार किसान विरोधी थी। कर्ज माफी को लेकर भाजपा ने चुनाव आयोग को भी शिकायत की है। आमसभा को प्रत्याशी रामू टेकाम ने भी संबोधित किया।
मुलताई और भैंसदेही में सिद्धू लेंगे चुनावी सभा
कांग्रेस के स्टार प्रचारक व पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू 29 अप्रेल को आएंगे। वे मुलताई में और भैंसदेही विधानभा के दामजीपुरा में आमसभा को संबोधित करेंगे।

ट्रेंडिंग वीडियो