भदोही जिले के सागरपुर बवई गांव निवासी दलित लालमणि पेयजल समस्या से जूझ रहा था। इसकी जानकारी विधायक विजय मिश्रा को हुई तो उन्होंने उसके घर 24 घंटे के अंदर हैंडपंप लगवा कर लोगों का दिल जीत लिया। हालांकि हैंडपंप लगने के बाद भी लालमणि उसका पानी नहीं पी रहा था। उसकी जिद थी कि जब तक विधायक स्वयं हैंड पंप चलाकर उद्घाटन नहीं करेंगे तब तक वह पानी नहीं पिएगा।
इस प्रतिज्ञा के साथ वह पिछले 15 दिनों से पेयजल समस्या से जूझते हुए भी हैंडपंप का पानी नहीं पी रहा था। बड़ी बात यह है कि विजय मिश्रा ने चार बार से विधायक रहते हुए कभी हैंडपंप का उद्घाटन नहीं किया था। लेकिन लालमणि की प्रतिज्ञा की जानकारी उन तक पहुंची तो वह उसके घर पहुंचे और हैंडपंप चलाकर उद्घाटन किया। इसके बाद लालमनि ने हैंडपंप का पानी ग्रहण किया। इस बात की चर्चा समूचे क्षेत्र में बनी हुई है। बताते चलें कि ज्ञानपुर से लगातार चौथी बार विधायक बने बाहुबली विजय मिश्रा जिले में खासे लोकप्रिय हैं।