भदोही

हर घंटे 3 सेमी बढ़ रही गंगा, नाव पर लगी रोक, सुरक्षित ठिकाने की तलाश में तटवर्ती

लोगों को सताने लगा 2013 जैसी बाढ़ का खतरा।

भदोहीSep 16, 2019 / 05:07 pm

रफतउद्दीन फरीद

बाढ़

भदोही. गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि से तटवर्ती इलाके में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गयी है। उफनाई गंगा खतरे के लाल निशान को छूने के लिए बेताब है। 3 सेमी प्रति घंटे की रफ्तार से हो रही बढ़ोत्तरी के चलते गंगा का जलस्तर 79 मीटर तक पहुंच गया है। लोगों को 2013 जैसी बाढ़ का डर सताने लगा है। 2013 में गंगा का जलस्तर 81.200 पहुंच गया था। तटवर्ती इलाकों में लोग सुरक्षित ठिकानों की तलाश में जुट गए हैं। कोइरौना इलाके के गंगा के किनारे स्थित कुछ गांव के खेतों में पानी पहुंच गया है तो वहीं रामपुर गंगा घाट पर स्थित कुछ निवासी पलायन को मजबूर हैं।
जिले में तीन विकास खण्ड औराई, ज्ञानपुर और डीघ के 40 से अधिक गांव गंगा किनारे बसे हुए हैं, जिनमें सबसे अधिक डीघ और ज्ञानपुर विकास खण्ड के गांव गंगा जलवृद्धि के कारण प्रभावित होते हैं। जलवृद्धि का सबसे अधिक खतरा सीतामढ़ी के क्षेत्र में रहता है। यहां कोनिया कटरा गांव में कटान का सबसे अधिक खतरा बना रहता है। इन स्थानों पर आंशिक तौर पर कटान भी शुरू हो चुका है। अगर जलस्तर में इसी तरह बढोत्तरी होती रही तो कटान में भी तेजी आने की पूरी संभावना है। वहीं गोपीगंज नगर क्षेत्र से तीन किलोमीटर दूर स्थित रामपुर घाट पर गंगा का जलस्तर बढोत्तरी होने के कारण गंगा किनारे बसे ग्रामीण पलायन की तैयारी में लग चुके है।
ग्रामीण रसीले वर्मा, नेबुलाल वर्मा, सुरेश, शिव वर्मा, मैना देवी, चंदा देवी व कदेदीन समेत ग्रामीणों ने पलायन की तैयारी शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मदद की गुहार लगाई साथ ही पूछे जाने पर बताया कि यहां से पलायन करके उचे बस्ती पर जाकर टेंट तम्बू लगाकर परिवार रखेंगे। अगर वहां व्यवस्था नहीं हो सका तो गंगा में ही नाव पर परिवार समेत रहने की बात कही। साथ ही बताया कि अभी तक बस्ती में जिला प्रशासन के तरफ से एक भी अधिकारी या कर्मचारी नहीं पहुंचे है।
By Mahesh Jaiswal

Hindi News / Bhadohi / हर घंटे 3 सेमी बढ़ रही गंगा, नाव पर लगी रोक, सुरक्षित ठिकाने की तलाश में तटवर्ती

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.