
Bharatpur Railway Station : अब निखरे हुए रूप में नजर आएगा भरतपुर रेलवे स्टेशन। फोटो पत्रिका
Bharatpur Railway Station : भरतपुर रेलवे स्टेशन की तस्वीर तेजी से बदल रही है। करीब 30 करोड़ रुपए की लागत से स्टेशन का व्यापक पुनर्विकास कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। अधिकांश निर्माण कार्य पूरे हो चुके हैं और स्टेशन का मुख्य भवन अब आधुनिक स्वरूप में नजर आने लगा है। परियोजना पूरी होने के बाद यात्रियों को पहले की तुलना में कहीं अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और आरामदायक यात्रा अनुभव मिलेगा। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी प्लेटफॉर्म को हाई-लेवल प्लेटफॉर्म में बदला जा रहा है, जिससे ट्रेन में चढ़ने और उतरने में आसानी होगी। धूप और बारिश से बचाव के लिए प्लेटफॉर्मों पर आधुनिक ओवरशेड लगाए जा रहे है।
भरतपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए 12 मीटर चौड़े फुटओवर ब्रिज (एफओबी) का निर्माण भी तेजी से चल रहा है, जिससे भीड़भाड़ के समय एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म तक पहुंचना आसान होगा। प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर यात्रियों के लिए आधुनिक एसी प्रतीक्षालय और स्लीपर वेटिंग हॉल तैयार किए गए है। वहीं मुख्य प्रतीक्षालय और उससे जुड़े अन्य प्रतीक्षालयों का भी पूरी तरह नवीनीकरण किया गया है, जिससे यात्रियों को स्वच्छ और आधुनिक वातावरण मिलेगा।
प्लेटफॉर्म संख्या 2 और 3 पर भी एसी कक्ष, महिला प्रतीक्षालय और स्लीपर प्रतीक्षालय का नवीनीकरण किया गया है। वृद्ध, दिव्यांग और बच्चों के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर लिफ्ट और एस्केलेटर लगाए जा रहे है। प्लेटफॉर्म संख्या 4 और 5 पर भी लिफ्ट एवं एस्केलेटर का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसके अलावा दिव्यांगजनों के लिए रैप, आधुनिक एलईडी लाइटिंग, नए साइनबोर्ड और मॉड्यूलर शौचालय भरतपुर स्टेशन पर लगाए जा रहे लिफ्ट और एस्केलेटर। जैसी सुविधाएं भी विकसित की जा रही है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार हाई-लेवल प्लेटफॉर्म, प्लेटफॉर्म शेड और फुट ओवर ब्रिज सहित प्रमुख निर्माण कार्य 2026 के अंत अथवा 2027 के शुरुआती महीनों तक पूरे होने की संभावना है। भरतपुर रेलवे स्टेशन आधुनिक सुविधाओं से युक्त प्रमुख स्टेशनों की श्रेणी में शामिल हो जाएगा। यात्रियों को प्रतीक्षालय, सुरक्षित आवागमन, स्वच्छ वातावरण और अत्याधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा, जिससे यात्रियों का सफर पहले से कहीं अधिक सुगम और आसान हो जाएगा।
Updated on:
13 Jul 2026 07:53 am
Published on:
13 Jul 2026 07:53 am
