डीग व बयाना में कांग्रेस के निर्विरोध अध्यक्ष, कामां में बैकफुट पर आई भाजपा
-अब कामां में सीमा गोयल को भाजपा ने प्रत्याशी, बाकी नगरपालिकाओं में भी कांग्रेस मजबूत, बयाना में दूसरी बार अध्यक्ष बने विनोद अग्रवाल बट्टा

भरतपुर. जिले की आठ नगरपालिकाओं में से अब डीग व बयाना में कांग्रेस के निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हो चुके हैं। कामां में भाजपा ने बैकफुट पर आकर सीमा गोयल को अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है, हालांकि पूर्व में घोषित भाजपा प्रत्याशी पुष्पा गोयल ने नामांकन वापस नहीं लिया है। खुद प्रत्याशी ने भी सीमा गोयल को समर्थन का बयान जारी किया है। अगर अब जिले में दोनों ही दलों की स्थिति की बात करें तो नगर में कांग्रेस की स्थिति मजबूत हो चुकी है तो बाकी निकायों में कांग्रेस के अध्यक्ष बनने की पूरी संभावना दिख रही है। डीग नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस प्रत्याशी निरंजन टकसालिया का एक मात्र नामांकन था, ऐसे में वह भी निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी नथमल डिडेल ने नगर पालिका नदबई, वैर एवं भुसावर की नगर पालिका चुनाव प्रक्रिया का जायजा लेकर पालिकाध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के मतदान केन्द्र का निरीक्षण किया चुनाव प्रक्रिया में लगे अधिकारी व मतदानकर्मियों को चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही विजयी पार्षदों को निर्भीकता एवं बिना किसी दबाव के 20 दिसम्बर को पालिकाध्यक्ष तथा 21 दिसम्बर को पालिका उपाध्यक्ष मतदान करने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि 20 दिसम्बर को पालिकाध्यक्ष तथा 21 दिसम्बर को पालिका उपाध्यक्ष मतदान है।
कहां क्या स्थिति
कामां नगरपालिका: वार्ड संख्या 12 की भाजपा पार्षद पुष्पा गोयल को भाजपा ने प्रत्याशी बनाया था, इस पर शहर अध्यक्ष प्रदीप गोयल की पत्नी ने बगावत करते हुए निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र दाखिल कर दिया था। मामला प्रदेश तक पहुंचा तो भाजपाई बैकफुट पर आ गए। ऐसे में सीमा गोयल को ही अधिकृत प्रत्याशी बता दिया। बताते हैं कि छह पार्षद कांग्रेस के खेमे में जा चुके हैं। अगर वो वापस आते हैं तो भाजपा को किसी हद तक जीत मिल सकती है।
बयाना नगरपालिका: कांग्रेस प्रत्याशी विनोद अग्रवाल बट्टा निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित किए गए हैं। निर्दलीय प्रत्याशी कुमर सिंह पटेल के गुरुवार को नामांकन वापस लेने के बाद चेयरमैन पद के लिए विनेाद बट्टा के एकमात्र उम्मीदवार शेष रह जाने से दोपहर तीन बजे नगरपालिका कार्यालय परिसर में रिटर्निंग अधिकारी एसडीएम सुनील आर्य ने उनके निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा की। इसके बाद एसडीएम ने बट्टा को निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपकर चेयरमैन पद की शपथ दिलाई। इस दौरान कांग्रेस विधायक अमर सिंह जाटव, निवर्तमान जिलाध्यक्ष शेरसिंह सूपा, जिला महासचिव बनवारीलाल हरजाई एडवोकेट आदि कांग्रेस पदाधिकारी भी मौजूद रहे। बटटा बयाना नगरपालिका के दूसरी बाद अध्यक्ष बने हैं। इससे पहले वे खुद वर्ष 2000 में तथा 1995 में उनकी पत्नी उषा अग्रवाल भी चेयरमैन रही थी।
नगर नगरपालिका: अब भाजपा व कांग्रेस की आमने-सामने की टक्कर है। हालांकि पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रकाश अम्बेश के पर्चा वापस लेने से कांग्रेस का पक्ष मजबूत हुआ है। जो संशय बना हुआ था वो लगभग खत्म हो गया है। पर्चा वापसी से जहां एक ओर कांग्रेस का पक्ष मजबूत हुआ है। वहीं दूसरी तरफ भाजपा भी अपने प्रत्याशी रूपवती को पालिकाध्यक्ष बनाने के लिए मशक्कत की जा रही है। भाजपा से कांग्रेस में शामिल हुए रामावतार मित्तल से कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं में भी थोड़ी उलझन बनी हुई है।
भुसावर नगर पालिका: कांग्रेस ने सुनीता प्रकाश जाटव, भाजपा ने इन्दरमल पहाडिय़ा को चुनावी मैदान में उतारा है, वही पूर्व पार्षद चिरमोलीराम जाटव ने निर्दलीय व कांग्रेस से नामांकन भरा है जो कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी है। 21 निर्दलीय व भाजपा के तीन एवं कांग्रेस का एक पार्षद है। राज्यमंत्री भजनलाल जाटव ने भुसावर पालिकाध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाली हुई है। इनके पास 16 से 18 विजेता पार्षद संख्या बताई जा रही है।
नदबई नगरपालिका: किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन वापस नहीं लिया गया है। केवल भाजपा प्रत्याशी कृष्णा कुमारी ने भरे गए निर्दलीय नामांकन को भाजपा के साथ शामिल कर एक कर दिया गया है। अध्यक्ष पद के वर्तमान में तीन उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें से भाजपा से कृष्णा कुमारी, कांग्रेस से हरबती सिनसिनवार एवं निर्दलीय के रूप में अर्चना चौधरी।
कुम्हेर नगरपालिका: कांग्रेस और भाजपा अपना-अपना बोर्ड बनाने का दावा कर रहे है। इस समय काग्रेस के खेमे में 20 पार्षद मौजूद है जो कि नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए राजीव अग्रवाल के समर्थन में है। वहीं भाजपा की ओर से नगर पालिका अध्यक्ष के लिए प्रतापसिंह को प्रत्याशी बनाया है। उनका कहना है कि कांग्रेस के खेमे मे असंतुष्ट पार्षद भी उनके सम्पर्क में है।
वैर नगरपालिका: नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए नामांकन वापसी के अंतिम समय तक किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन वापस नहीं लिया। नगर पालिका के अध्यक्ष पद के लिए दो प्रत्याशी मैदान में है।
अब पाइए अपने शहर ( Bharatpur News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज