scriptभरतपुर में प्रदेश के टॉप 25 बदमाशों में शामिल कुंवर सिंह दबोचा, हथियार बरामद | Criminal Kunwar Singh Arrested by Bharatpur Police | Patrika News

भरतपुर में प्रदेश के टॉप 25 बदमाशों में शामिल कुंवर सिंह दबोचा, हथियार बरामद

locationभरतपुरPublished: Aug 01, 2019 09:57:48 pm

Submitted by:

Kamlesh Sharma

पुलिस ने नगर थाना क्षेत्र के गांव आरसी में गुरुवार तडक़े कार्रवाई कर इनामी बदमाश कुंवर सिंह को धरदबोचा। उसके कब्जे से 12 बोर हथियार व दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

Criminal Kunwar Singh Arrested
भरतपुर। पुलिस ने नगर थाना क्षेत्र के गांव आरसी में गुरुवार तडक़े कार्रवाई कर इनामी बदमाश कुंवर सिंह को धरदबोचा। उसके कब्जे से 12 बोर हथियार व दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

आरोपी प्रदेश की टॉप पच्चीस अपराधियों की सूची में शामिल था और उसकी गिरफ्तारी पर भरतपुर रेंज से दस और अलवर पुलिस की ओर से पांच हजार रुपए इनाम घोषित था।
पुलिस कार्रवाई से पहले एक अन्य बदमाश से उसकी झड़प हो गई थी, जिसमें गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे इलाज के लिए जिला आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया है।
आरोपी का भाई सुरेश गुर्जर भी टॉप पच्चीस की सूची में शामिल है। उसने हाल में अलवर पुलिस पर गांव आरसी में दबिश के दौरान हमला कर दिया था, जिसमें कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए थे।
इसके अलावा तीन दिन पहले जिले के नगर में न्यायालय परिसर में एक महिला परिवादी व उसके पुत्र को जान से मारने की धमकी दी थी। जिसमें नगर थाने में मामला दर्ज कराया गया है।
जिला पुलिस अधीक्षक हैदरअली जैदी ने बताया कि इनामी बदमाश कुंवर सिंह गुर्जर उर्फ कुमर सिंह पुत्र बल्लू उर्फ बलराम निवासी आरएसी थाना नगर के संबंध में पुख्ता जानकारी मिलने पर पुलिस उपाधीक्षक (ग्रामीण) परमाल सिंह के नेतृत्व में एक टीम नगर भेजी गई।
पुलिस को बदमाश के गांव आरसी में बल्लू नामक व्यक्ति के घर पर छिपने की जानकारी मिली। जिस पर पुलिस ने सुबह 5 बजे घर में दबिश दी और बदमाश कुंवर सिंह को आत्म समर्पण के लिए चेतावनी दी। बाद में पुलिस ने घेराबंदी कर बदमाश कुंवर सिंह को धरदबोचा। उसके कब्जे से अवैध कट्टा 12 बोर मय दो जिन्दा कारतूस जब्त किए हैं।
पुलिस ने जब उसके पकड़ा, वह घायल था और कंधे पर गोली लगी हुई थी। जिस पर पुलिस ने उसे नगर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे भरतपुर रैफर कर दिया।

पुलिस ने बताया कि रात में उसकी सद्दा मेव नामक बदमाश से झड़प हो गई, जिसमें हुई फायरिंग में वह घायल हो गया। उधर, एसपी ने टीम सदस्यों को जिला व राज्य स्तर पर पुरस्कृत कराने की घोषणा की है।
बदमाश के खिलाफ दर्ज हैं 24 संगीन मामले
पकड़े बदमाश के खिलाफ भरतपुर व अलवर जिले में 24 संगीन मुकदमे दर्ज हैं। इसमें डकैती, लूट, हत्या का प्रयास, पुलिस पार्टी पर हमला करने समेत सरकारी कर्मचारियों के साथ मारपीट के मुकदमे शामिल हैं।
कार्रवाई दल में एएसआई धर्मपाल सिंह, हैड कांस्टेबल जितेन्द्र सिंह, कांस्टेबल निरंजन सिंह व सीओ कार्यालय से कांस्टेबल देशराज सिंह, धिलावटी चौकी से कांस्टेबल श्याम सिंह, हैड कांस्टेबल कप्तान सिंह, साइबर सेल से कांस्टेबल पदम सिंह व एएसआई हीरा सिंह शािमल थे।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो