मंडी में लगी सरसों की ढेरियां, किसानों को समर्थन मूल्य पर खरीद का इंतजार
भरतपुरPublished: Feb 28, 2023 09:20:44 pm
भाव 5 हजार से 5200 रुपए प्रति क्विंटल, रोजाना आ रही 500 से 500 क्विंटल सरसों


मंडी में लगी सरसों की ढेरियां, किसानों को समर्थन मूल्य पर खरीद का इंतजार
ज्ञान प्रकाश शर्मा भरतपुर. नई सरसों की आवक से सरसों मंडी में रौनक लौट आई है। मंडी में आढ़तियों की दुकानों के आगे सरसों की ढेरियां लग रही हैं। मंडी में आढ़तियों की दुकानों पर सुबह से ही किसान अपने वाहनों से सरसों लेकर पहुंच रहे हैं। नमी के चलते कुछ किसान सरसों को कट्टों या बोरी में भरने के बजाए सीधे ट्रॉली या जुगाड़ में भरकर मंडी ला रहे हैं तो कुछ किसान ट्रक में कट्टों को भरकर मंडी ला रहे हैं। व्यापारी भी सुखाने के लिए मंडी में धूप में ढेरियां लगा रहे हैं ताकि सरसों की नमी कम हो सके। हालांकि अभी नई सरसों के भाव पुरानी सरसों की तुलना में कम हैं। पुरानी सरसों जहां 5200-5300 रुपए प्रति क्विंटल हैं, वहीं नई सरसों का भाव 5 हजार से लेकर 5200 रुपए प्रति क्विंटल है। ऐसे में किसानों को सरकारी खरीद (समर्थन मूल्य पर) पर सरसों की खरीदी का इंतजार है।
सरसों व्यापारियों के अनुसार जिले में फिलहाल सरसों की कटाई जारी है। इसके साथ ही किसान नई सरसों को मंडी में लाने लागे हैं। फिलहाल ज्यादातर सरसों कोटा, बारां, निम्बाहेडा, प्रतापगढ़, चिरावा, हिन्डौन एवं गंगापुर से आ रही है। स्थानीय एवं आपपास अभी कटाई जारी है। ऐस ेमें होली के बाद आसपास से भी सरसों की आवक शुरू हो जाएगी। ग्रामीण इलाकों में अगेती सरसों की कटाई जारी है। होली के बाद मंडियों में आवक एक साथ ही बढऩे की उम्मीद है।