scriptअब टिकट को लेकर चुनावी संग्राम, हर वार्ड से तीन-तीन नाम का पैनल बनाने में जुटे हैं नेता | Now the election struggle regarding the ticket | Patrika News

अब टिकट को लेकर चुनावी संग्राम, हर वार्ड से तीन-तीन नाम का पैनल बनाने में जुटे हैं नेता

locationभरतपुरPublished: Oct 30, 2019 11:30:24 pm

Submitted by:

rohit sharma

भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों के अंदर अब नगर निगम व रूपवास नगरपालिका के चुनावों को लेकर सुगबुगाहट शुरू हो चुकी है।

अब टिकट को लेकर चुनावी संग्राम, हर वार्ड से तीन-तीन नाम का पैनल बनाने में जुटे हैं नेता

अब टिकट को लेकर चुनावी संग्राम, हर वार्ड से तीन-तीन नाम का पैनल बनाने में जुटे हैं नेता

भरतपुर. भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों के अंदर अब नगर निगम व रूपवास नगरपालिका के चुनावों को लेकर सुगबुगाहट शुरू हो चुकी है। जानकारों की मानें तो पांच नवंबर से पहले दोनों ही दलों की ओर से प्रत्याशियों की घोषणा दो या तीन सूचियों में की जा सकती है। चूंकि भाजपा दो नवंबर की शाम तक सूची जारी कर सकती है। जबकि कांग्रेस भी इसी दिन जयपुर में प्रस्तावित बैठक में नाम तय कर सकती है। बताते हैं कि दोनों ही दलों के प्रमुख नेताओं ने बुधवार को दिनभर बैठक कर सूचियां तैयार कराई।

हालांकि इन सूचियों को लेकर पदाधिकारियों में एकराय नहीं बन सकी। इसलिए गुरुवार को भाजपा नेताओं की ओर से हर वार्ड से तीन-तीन नाम तय कर सूची तैयार की जाएंगी। ताकि दोनों ही निकायों की उन सूचियों को जयपुर में एक से तीन नवंबर तक प्रस्तावित बैठक में रखा जा सके। इसके अलावा जिला कांग्रेस कार्यालय पर एक नवंबर को दोपहर 12 बजे तक पार्षद पद के प्रत्याशियों से आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। इसके बाद आने वाले किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। इधर, नगर निगम के चुनावों को लेकर जिला कांग्रेस की बैठक पर्यटन एवं देवस्थान मंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष विश्वेन्द्र सिंह के मुख्य आतिथ्य में हुई। बैठक में अति विशिष्ट अतिथि राजस्थान प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं जिले के प्रभारी डॉ. खानूखान वुधवारी एवं बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस के अध्यक्ष शेर सिंह सूपा ने की। बैठक को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि विश्वेन्द्र सिंह ने कहा कि भरतपुर नगर निगम के चुनाव में सभी कांग्रेसजन अब कांग्रेस का बोर्ड बनाने के लिए एकजुट होकर सक्रिय रहें। ताकि कांग्रेस का बोर्ड बनाकर शहर की बदहाल तस्वीर को स्वच्छ व साफ कर सकें।

प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं भरतपुर के जिला प्रभारी डॉ. वुधवारी ने कहा कि भरतपुर नगर निगम में कांग्रेस का परचम निश्चित ही फहरेगा। सभी कार्यकर्ता आपस में मिल जुलकर सहयोग करेंगे। जिलाध्यक्ष शेर सिंह सूपा ने सूत की माला पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि जिला कांग्रेस कार्यालय पर जिला कांग्रेस के उपाध्यक्ष व प्रवक्ता श्रीभगवान कटारा एवं जिला कांग्रेस के सचिव व जिला कार्यालय प्रभारी हेमेन्द्र चीकू को दोपहर 10 बजे से एक बजे तक एवं दोपहर दो से चार बजे तक अपने बायो-डाटा दे सकते हैं। बैठक में शहर अध्यक्ष संजय शुक्ला ने 6 5 वार्डों मे लगाये गए वार्ड प्रभारियों की सर्वे रिपोर्ट शीघ्र ही सौंपने की बात कही। बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष गिरीश चौधरी, डॉ. हिमांशु कटारा, डॉ. सुरेश यादव, अभिजीत कुमार, साहब सिंह एडवोकेट, धर्मेन्द्र शर्मा, चुन्नी कप्तान, दिगम्बर सिंह वीकरवार, अशोक लवानियां, रिक्की सिंह, सुबोध चंसौरिया आदि उपस्थित थे।

अब दावेदारों को सिर्फ टिकट का इंतजार


अब दोनों ही दलों के साथ दावेदारों को सबसे बड़े निर्णय का भी इंतजार है। क्योंकि पिछले दिनों कांग्रेस के ही बड़े नेताओं की ओर से राष्ट्रीय लोकदल के साथ गठबंधन के माध्यम से निकाय चुनाव लडऩे के निर्णय से इंकार किया जा चुका है। कांग्रेस की ओर से विधानसभा चुनाव में भरतपुर सीट पर राष्ट्रीय लोकदल से गठबंधन किया गया था। हाल में ही बड़े नेताओं के बयान आने के बाद माना जा रहा है कि निर्णय कुछ भी हो सकता है लेकिन यह निर्णय आगामी राजनीति तय करेगा। इतना ही नहीं खुद कांग्रेस के स्थानीय नेता भी अब इस मुद्दे को लेकर बोलने से कतरा रहे हैं। क्योंकि उनका कहना है कि प्रदेशस्तर पर ही गठबंधन करना है या नहीं करना है, इसको लेकर निर्णय किया जाना है। इस मामले को लेकर खुद प्रदेश के नेताओं ने भी अभी शांति बनाए रखने को कहा है। इसलिए अभी भी कांग्रेसियों में इसको लेकर ऊहापोह की स्थिति बनी हुई है।

प्रत्येक वार्ड से तीन नामों का पैनल होगा तैयार


भाजपा की जिला निकाय समिति व नगर निकाय समिति की बैठक पूरे दिन चलती रही, लेकिन एक राय नहीं होने के कारण अभी सूचियां फाइनल नहीं हो सकी हैं। हालांकि अभी तक पार्टी के पास 200 से 250 आवेदन आने की बात कही गई हैं। प्रत्याशियों के चयन को लेकर प्रदेश से आए प्रभारी रामहेत यादव, प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा, राज्यसभा सांसद रामकुमार वर्मा, सांसद रंजीता कोली, पूर्व विधायक अनिता सिंह, जिलाध्यक्ष डॉ. जितेन्द्र सिंह फौजदार, पूर्व मंत्री कृष्णेन्द्र कौर दीपा, पूर्व विधायक विजय बंसल, जिला संगठन प्रभारी बृजेष शर्मा की अध्यक्षता में मैराथन बैठक हुई। बैठक में मंडल अध्यक्ष से प्राप्त हुए आवेदन पत्र एवं वार्डों में हुए आंतरिक सर्वे के आधार पर प्रत्येक वार्ड के आवेदन पर विचार विमर्श किया गया तथा सर्व सम्मति से प्रत्येक वार्ड से तीन नामों का पैनल तैयार किया गया। पैनल पर चर्चा होने के बाद उक्त नामों पर में से अन्तिम चयन प्रदेश नेतृत्व की ओर से तय किया जाएगा। पैनल पर अन्तिम चर्चा प्रदेश कार्यालय जयपुर पर एक नवंबर को होगी। भाजपा कार्यालय में मंडल अध्यक्ष के माध्यम से कुल 273 आवेदन प्राप्त हुए। इसके आधार पर प्रत्येक वार्ड से तीन नामों पर अंतिम पैनल तैयार किया गया।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो