गर्मी में भी रहे तालाबों में पानी तब रहेगा वाटर लेवल बेहतर
सवाल :- नहर से तालाबों तक पानी बराबर पहुंचे, इसके लिए किस तरह से प्रयास करने की जरूरत है।
जवाब :- अवंती बाई चौक से नंदिनी रोड तक पाइप लाइन बिछाने की जरूरत है। जिससे निस्तारी के लिए तालाबों को पहले की तरह भरा जा सके। वर्तमान में यह नहर सीवरेज लाइन का काम कर रहे हैं, नहर के समीप में रहने वाले लोगों ने इसमें घरों के सीवरेज लाइन को छोड़ रखा है। अगर पाइप बिछा दिया जाएगा तो पहले की तरह शहर के तमाम तालाबों को नहर से फिर भरा जा सकेगा। वर्तमान में घासीदास नगर तालाब, नकटा, गोकुल धाम तालाब तक पानी नहर से पहुंच रहा है। शेष तालाब सूखे पड़े हैं।
शीतला तालाब बना खेल का मैदान
सवाल :- वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र में तालाबों का विकास लंबे समय से अधूरा है।
जवाब :- तालाब का विकास करने 2017 में 1.5 करोड़ लेकर आया। अब तक यह तालाब वैसा ही है, विकास का यह कैसा नमूना पेश किया जा रहा है। नगर पालिक निगम, भिलाई पूरी तरह से उदासीन है। इसी तरह से संजय नगर तालाब का काम अधूरा पड़ा हुआ है। राज्य सरकार के संबंधित विभाग से मांग किया था कि बटालियन के पास खपरी तक पाइप बिछा दिया जाए। जिससे नहर का पानी खेत और तालाबों तक पहुंच सके। इसको लेकर सर्वे किया गया और उसके बाद से मामला ठंडे बस्ते में है।
क्षेत्र में लोगों से जुड़ा यह काम होना है जरूरी
सवाल :- राज्य सरकार से क्या मांगा था आपने।
जवाब :- बजट में नेहरू नगर से खपरी तक मार्ग निर्माण, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कोहका भिलाई का नवीन भवन निर्माण, कैंप-1, शास्त्री नगर के शासकीय प्राथमिक शाला में नवीन भवन, कृष्णा नगर, भिलाई हाई स्कूल में भवन निर्माण कराने लोक निर्माण मंत्री ताम्रध्वज साहू से मांग की गई है। अब तक इस दिशा में कोई पहल नहीं हुई है।
स्मृति नगर को थाना का दर्जा देना जरूरी
सवाल :- क्षेत्र में कानून व्यवस्था बेहतर रहे इसको लेकर क्या मांग की।
जवाब :- स्मृति नगर क्षेत्र में आईआईटी, दो स्नातक महाविद्यालय, नए इंजीनियरिंग महाविद्यालय, मेडिकल कॉलेज, हॉस्पिटल, स्कूल, मॉल है। यहां जन दबाव बढ़ रहा है। आए दिन क्षेत्र में लूटपाट और अन्य घटनाएं घटित होती रहती है। जिससे आम लोगों को असमाजिक तत्वों से कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यहां थाना बेहद जरूरी है। यह मांग गृहमंत्री से की गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
प्रदेश के मुखिया पर कसा तंज
सवाल :- क्यों नहीं हो रहे वैशाली नगर क्षेत्र में विकास के काम।
जवाब :- इसका जवाब कांग्रेस के लोग ही देने लगे हैं। विपक्ष के विधायक जिन क्षेत्र में चुनाव जीतकर आए हैं, क्या वहां विकास कार्य नहीं किया जाएगा। ऐसे में भिलाई निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के 15 पार्षदों के क्षेत्र में उपेक्षा के शिकार होंगे। तुलसीदास जी कहते हैं कि (भगवान श्री राम ने कहा) मुखिया मुख के समान होना चाहिए जो खाने पीने को तो एक (अकेला) है, लेकिन विवेकपूर्वक सब अंगों का पालन पोषण करता है। मुखिया मुख सो चाहिए, खान पान को एक, पालै-पोसै सकल अंग, तुलसी सहित विवेक।