भिलाई

सुकमा में पदस्थ भिलाई के CAF जवान ने की आत्महत्या, छह राउंड फायरिंग से कैंप में मचा हड़कंप

नक्सल प्रभावित सुकमा में पदस्थ भिलाई निवासी CAF जवान ने रविवार सुबह खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर लिया। जवान ने स्वयं पर छह राउंड फायर किया है।

भिलाईNov 29, 2020 / 01:40 pm

Dakshi Sahu

सुकमा में पदस्थ भिलाई के CAF जवान ने की आत्महत्या, छह राउंड फायरिंग से कैंप में मचा हड़कंप

भिलाई. नक्सल प्रभावित सुकमा में पदस्थ भिलाई निवासी CAF जवान ने रविवार सुबह खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर लिया। जवान ने स्वयं पर छह राउंड फायर किया है। जवान का शव बैरिक में मिला। वह तीन दिन पहले ही छुट्टी से वापस ड्यूटी पर लौटा था। मिली जानकारी के अनुसार भिलाई शांति नगर तालाब रोड निवासी दिनेश वर्मा, पुत्र बंशीलाल वर्मा सीएएफ(छत्तीसगढ़ आम्र्ड फोर्स) चौथी बटालियन में कांस्टेबल के पद पर तैनात था। उसकी ड्यूटी इन दिनों सुकमा के पुरसपाल स्थित कैंप में थी। जवान रविवार सुबह मेस में काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक बैरिक में चला गया। सुबह करीब 8.50 बजे गोलियां चलने की आवाज सुनकर साथी जवान भागकर बैरिक में पहुंचे। जहां उसकी लाश पड़ी हुई थी।
पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा
जवान के आत्महत्या की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामला पुसपाल थाना क्षेत्र का है। फिलहाल पुलिस ने बताया कि आत्महत्या का कारण अज्ञात है। इस मामले में जवान के अधिकारियों से भी पूछताछ की जाएगी। पुलिस ने बताया कि जवान ने सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या किया है। ऐसी जानकारी मिली है कि वह 26 नवम्बर को छुट्टी से वापस आया था। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
छह राउंड फायरिंग से मच गया हड़कंप
रविवार सुबह दिनेश का शव लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ था। बताया जा रहा है कि दिनेश ने अपनी सर्विस राइफल से करीब 6 राउंड फायरिंग की। गोलियां उसके शरीर के आर-पार निकल गईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी पुसपाल और एसडीओपी तोंगपाल भी घटना स्थल पहुंचे। मामले को लेकर साथी जवानों से पूछताछ हो रही है। हालांकि अभी तक जवान के आत्महत्या करने का कारण सामने नहीं आ सका है। वहीं कैंप में अचानक छह राउंड फायरिंग से हड़कंप मच गया था।

Home / Bhilai / सुकमा में पदस्थ भिलाई के CAF जवान ने की आत्महत्या, छह राउंड फायरिंग से कैंप में मचा हड़कंप

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.