गांव से पहली बार शहर घूमने आया 15 वर्षीय किशोर निर्माणाधीन फ्लैट की पांचवी मंजिल से गिरा, घटना स्थल पर ही मौत
गांव के पहचान वाले मजदूरों के साथ पहली बार शहर घूमने आया 15 वर्षीय किशोर दुर्घटना का शिकार हो गया। निर्माणाधीन फ्लैट की पांचवीं मंजिल से गिरने से उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई।

भिलाई. गांव के पहचान वाले मजदूरों के साथ पहली बार शहर घूमने आया 15 वर्षीय किशोर दुर्घटना का शिकार हो गया। निर्माणाधीन फ्लैट की पांचवीं मंजिल से गिरने से उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। रिसाली हिंद नगर में बने रहे फ्लैट में मजदूर अपने-अपने काम में लगे थे। किशोर फ्लैट देखते हुए पांचवीं मंजिल पर चढ़ गया। जैसे ही उसने बांस की चैली पर पैर रखा चैली टूट गई और सीधे नीचे जा गिरा। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।
चैली के साथ गिर गया नीचे
नेवई थाना पुलिस ने बताया कि घटना सोमवार को दोपहर करीब 2 बजे की है। हिंद नगर में निर्माणाधीन फ्लैट में परसदा (गुंडरदेही) निवासी तोमन साहू मजदूरी कर रहा था। गांव का अंकित यादव (15 वर्ष) उसके साथ शहर घूमने के लिए आया था। तोमन फ्लैट में कुछ काम करने के लिए ऊपर गया। पीछे से अंकित भी चढ़ गया। उसने बाहर साइड की चैली पर पैर रख दिया। चैली टूट गई और अंकित संभल नहीं पाया। सीधे पांचवीं मंजिल से नीचे जा गिरा। ऊंचाई से गिरने के कारण अंकित की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना उसके परिजनों को दी गई। पोस्टमार्टम के बाद बॉडी परिजनों को सौंप दी गई है। वहीं इस मामले में मर्ग कायम कर जांच भी किया जा रहा है।
32 बंगला के सामने पेड़ पर लगा ली फांसी
भिलाई के 32 बंगला गैरेज रोड के सामने पेड़ की डाल पर फंदे पर झूल रहे युवक को देख हड़कंप मच गया। भीड़ को देख घटना स्थल पहुंचे ममेरे भाई ने शव की शिनाख्त की। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को जिला अस्पताल की मॉच्र्युरी में रखवा दिया। भिलाई नगर थाना पुलिस ने बताया कि घटना सोमवार शाम करीब 6 बजे की है। चंदन महानंद (23 वर्ष) रायपुर के एक होटल में काम करता था। बीच-बीच में दुर्ग रायपुर नाका में रहने वाले ममेरे भाई बबलू नाग से मिलने आता था। मौके से कोई सुसाइडल नोट नहीं मिला है। मर्ग कायम कर पुलिस खुदकुशी का कारण पता लगा रही है।
अब पाइए अपने शहर ( Bhilai News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज