स्मृतिनगर चौकी प्रभारी जेएल शांडिल्य ने बताया कि घटना शुक्रवार व शनिवार की दरम्यानी रात डेढ़ बजे की है। दीनदयाल कालोनी निवासी एक महिला ने शिकायत की। उसकी बहन सोनम सोलंकी (30 वर्ष) का प्रेमी रत्नाकर बेहरा घर पर आया था। पांच साल से आरोपी रत्नाकर बेहरा के साथ बहन रायपुर में लिव इन रिलेशन में रहती थी। रत्नाकर ऑटो चलाकर जीवनयापन कर रहा था। इस बीच वह गर्भवती हो गई। इसी वजह से सोनम उसके साथ बड़ी बहन के यहां रहने के लिए आई थी।
पुलिस ने बताया कि 15 अक्टूबर की रात जब वह सोने चली गई तो उसकी बहन और उसके प्रेमी रत्नाकर बेहरा दोनों आपस में बैठकर बात कर रहे थे। इसी दौरान रत्नाकर ने अपनी प्रेमिका के चरित्र शंका के चलते आरोप लगाया कि रात भर किसी अन्य व्यक्ति से बात करती है। इस बात पर दोनों के बीच झगड़ा हो गया। झगड़ा इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर रत्नाकर ने बटनदार चाकू निकाला और सोनम के सीने में घोप दिया। उसकी बहन दौड़कर आई तो देखी वह खून से लथपथ घायल जमीन पर पड़ी थी। पहले उसे एक निजी अस्पताल ले गए। जहां उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी रत्नाकर ने चाकू से अपनी प्रेमिका पर जानलेवा हमाला किया तो उसके बहन के घर वालों ने उसे पकड़ लिया। उससे वजह पूछा। इसके बाद गर्भवती पर जानलेवा हमला से क्रोधित परिवार वालों ने उसकी जमकर धुनाई कर दी। उसके दांत टूटे और सिर पर चोट आई है। फिर उसे पुलिस के हवाले कर दिया।