तीनों वार्डों के पार्षदों से की चर्चा
नगर निगम दो साल के अंतराल के बाद इस महाशिवरात्रि पर देवबलोदा महोत्सव मनाने जा रहा है। इसकी तैयारी को लेकर महापौर ने देवबलोदा के नागरिकों से सांस्कृतिक भवन में बैठक ली। जिसमें देवबलोदा से तीनों वार्ड के पार्षद भारती राम सूर्यवंशी, रविंद्र हरपाल, ललित वर्मा, राकेश वर्मा, विकास कुर्रे भी मौजूद थे। महापौर ने सभी से देवबलोदा महोत्सव को बेहतर स्वरूप के साथ मनाने के लिए सुझाव और मार्गदर्शन मांगा। उन्होंने कहा कि महोत्सव को लेकर देवबलोदा के नागरिकों की भावना को नगर निगम पूरा सम्मान देगा।
दो साल बाद ललेगा मेला और होगा सांस्कृतिक कार्यक्रम
गौरतलब है कि नगर निगम भिलाई - चरोदा की ओर से देवबलोदा में शिव मंदिर की पहचान को विस्तारित करने के उद्देश्य से महाशिवरात्रि पर दो दिनी महोत्सव मनाया जाता है। इस दौरान छत्तीसगढ़ी कला और संस्कृति को मंच दिया जाता है। वहीं यहां पर शिवरात्रि के दिन परंपरागत मेला भी लगता है। कोरोना संक्रमण के चलते पिछले दो साल से देवबलोदा महोत्सव नहीं हो सका है। इस दौरान परंपरागत मेला को भी स्थगित रखा गया था। अब फिर एक बार निगम तैयारी में जुट गया है।