मासूर गोढ़ी गांव से खरबूजा लेकर बुधवार सुबह किसान प्रकाश पटेल, महेंद्र पटेल और शिव पटेल पाउरहाउस फल मंडी पहुंचे थे। इसी बीच खरबूजा उतारते वक्त एक हमाल ने किसानों के साथ गाली-गलौच कर दी। धीरे-धीरे विवाद बढ़ गया। हम्मालों के साथ दलालों ने भी किसानों की जमकर धुलाई कर दी। किसान महेंद्र पटेल को सिर पर गंभीर चोट लगी है। उसे तत्काल पुलिस की मौजूदगी में अस्पताल पहुंचाया गया। प्रकाश पटेल के पैर पर चोट लगी है।
फल लेकर मंडी पहुंचे किसानों को दलाल और उसके हमालों ने डंडे और लात घूसों से जमकर पीटा है। इस घटना से किसानों में जमकर आक्रोश है। बताया जा रहा है कि किसानों ने घटना की शिकायत कृषि मंत्री रविंद्र चौबे से भी की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।