भिलाई

नवगठित रिसाली निगम, भाजपा और कांग्रेस ने बांटा टिकट, 36 वार्डों में सरोज समर्थकों का दबदबा, कांग्रेस में गृहमंत्री की पसंद सबसे उपर

Municipal Election in CG: रिसाली के 40 वार्डो में से भाजपा अब तक चार सीटों पर प्रत्याशी की घोषणा नहीं कर पाई है। इसमें वार्ड 12, 22, 23 और 27 शामिल है।

भिलाईDec 02, 2021 / 12:05 pm

Dakshi Sahu

भिलाई. निकाय चुनाव में सबसे हाईप्रोफाइल माने जाने वाले रिसाली निगम चुनाव के लिए भाजपा ने अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। संभागीय चयन समिति के संयोजक संतोष पांडेय ने देर शाम सूची जारी की। सूची में जहां सांसद सरोज गुट के लोगों का दबदबा है, वहीं सांसद बघेल और पूर्व मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय सहित रमशीला साहू के समर्थकों को नाममात्र सीट पर जगह मिली है। रिसाली के 40 वार्डो में से भाजपा अब तक चार सीटों पर प्रत्याशी की घोषणा नहीं कर पाई है। इसमें वार्ड 12, 22, 23 और 27 शामिल है। बताया जा रहा है कि वार्ड 22 में वरिष्ठ कार्यकर्ता अनिल साहू की पत्नी रमा साहू ने टिकट मांगा है, वही इसी वार्ड से पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष माया बेलचंदन के बेटे प्रखर बेलचंदन ने भी दावेदारी की है। जिसके कारण इस वार्ड के लिए नाम पर सहमति नहीं बन पाई है।
जाति समीकरण का ध्यान
भाजपा की सूची में महिलाओं को इस बार ज्यादा तवज्जो दी गई है। महिलाओं के लिए आरक्षित वार्डो के साथ ही कई सामान्य वार्ड जिसमें पुरुषों को भी टिकट दी जा सकती थी, वहां सरोज समर्थित महिला प्रत्याशियों को उतारा गया है। खासकर भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों को सूची में जगह मिली है। भाजपा ने जाति समीकरण को भी ध्यान में रखा है। जिसमें यादव समाज से 6 लोग और साहू समाज से 4 लोगों को टिकट दिया है।
कांग्रेस की सूची में बाबूजी की पसंद के चेहरे, बहू का नाम सूची में नहीं
रिसाली निगम में भाजपा के उम्मीदवारों की सूची जारी होने के ठीक तीन घंटे बाद कांग्रेस ने भी अपनी सूची जारी कर दी। रिसाली निगम को बनाने का श्रेय लेने वाले गृहमंत्री ताम्रध्जव साहू ने पूरे 40 वार्ड में अपनी पंसद के लोगों और समर्थकों को टिकट दी है। साहू , यादव, देवांगन समाज सहित कुर्मी समाज के प्रत्याशियों को सामने लाकर कांग्रेस ने छत्तीगढिय़ा का दांव खेला है। हालांकि इसमें एक मुस्लिम और एक क्रिशचन समाज के उम्मीदवार को टिकट दिया गया है। सूची जारी होने के बाद पहले दिन से चर्चा में आई गृहमंत्री की बहू एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री जितेन्द्र साहू की पत्नी सरिता साहू के चुनाव लडऩे की चर्चा पर अब विराम लग गया है। पर्यवेक्षकों के सामने आवेदन नहीं देने और अब सूची में भी नाम नहीं शामिल होने के बाद अब महापौर के चेहरे को लेकर नए नाम पर चर्चा शुरू हो गई है।
एल्डरमेन सहित पत्नी को टिकट
रिसाली निगम की घोषणा के बाद एल्डरमैन रहे अनूप डे को जहां टिकट मिला है, वहीं प्रेमसाहू ने अपनी पत्नी सारिका साहू की टिकट पक्की कराई। वही विलास बोरकर को भी मौका दिया गया है। इधर युवाओं में दो चेहरे है जिसमें सनीर साहू और शुभम वर्मा का नाम शामिल है। कांग्रेस की सूची में भी कई नए चेहरों को शामिल किया गया है।
चुम्मन की छुट्टी, बाकी को टिकट
पुराने जीते हुए पार्षद में राजेन्द्र रजक, केशव बंछोर को टिकट मिल गया है। जबकि चुम्मन देशमुख को पार्टी ने पिछली बार चुनाव जीतने पर भी टिकट नहीं दी है। माना जा रहा है कि विधानसभा चुनाव में अपनी ही पार्टी के प्रत्याशी एवं गृहमंत्री ताम्रध्जव साहू के खिलाफ चुनाव लडऩे के बाद पार्टी ने उन्हे निष्कासित भी कर दिया था।

Home / Bhilai / नवगठित रिसाली निगम, भाजपा और कांग्रेस ने बांटा टिकट, 36 वार्डों में सरोज समर्थकों का दबदबा, कांग्रेस में गृहमंत्री की पसंद सबसे उपर

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.