scriptBreaking : ये क्या पुलिस ने ठेकेदार नहीं बल्कि मृतक के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया, क्या है मामला, पढ़ें खबर | police registered criminal case against deceased, not the contractor | Patrika News

Breaking : ये क्या पुलिस ने ठेकेदार नहीं बल्कि मृतक के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया, क्या है मामला, पढ़ें खबर

locationभिलाईPublished: Mar 07, 2018 10:30:04 pm

थानखम्हरिया टिपनी मार्ग पर बुधवार की रात एक मोटर साइकिल निर्माणाधीन नाले में जा गिरी। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।

Road accident
बेमेतरा. थानखम्हरिया टिपनी मार्ग पर बुधवार की रात एक मोटर साइकिल निर्माणाधीन नाले में जा गिरी। इस दुर्घटना में मोटर साइकिल में सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया। बताया जाता है कि मोटर साइकिल सवार समीपस्थ ग्राम नवागांव कला में एक शादी कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में लिया है।
निर्माण स्थल पर कोई सूचना बोर्ड नहीं

जानकारी के अनुसार ग्राम कारेसरा थाना खम्हरिया मार्ग में निर्माण काम चल रहा है। इस मार्ग पर पुल पुलिया निर्माण स्थल पर निर्माणी एजेंसी की ओर से कोई सूचना बोर्ड नहीं लगाया गया है। नियमत: ठेकेदार को मार्ग परिवर्तित से संबंधित सूचना बोर्ड और रात में चमकने वाली रेडियम पट्टी लगाना जाना चाहिए था। सूचना बोर्ड के अभाव में ही वहां पर से आवागमन करने वाले लोग हादसे के शिकार हो रहे हैं।
देवेन्द्र पिता नरोत्तम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार तारकेश्वर साहू पिता चतुर 30 वर्ष निवासी बीरेन्द्रनगर जिला कबीरधाम अपने साथी देवेन्द्र पिता नरोत्तम साहू 45 वर्ष निवासी ग्राम भेडऩी (साजा) मोटर साइकिल क्रमांक सीजी 09 जे, 8015 से शादी सामान लेकर थान खम्हरिया से गांव जा रहे थे, तभी रात 8 बजे के करीब टिपनी नाले के पास निर्माणाधीन नाले का पता नहीं चलने पर मोटरसाइकिल सहित दोनों नाले में जा गिरे।
एक आंख बाहर निकल गई

इस दुर्घटना में देवेन्द्र पिता नरोत्तम का मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं साथी तारकेश्वर को गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दुर्घटना में उसकी एक आंख बाहर निकल गई है। वहीं हाथ फेक्चर हो गया है। उसे लोगों की मदद से संजीवनी 108 स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया। जहां से घायल तारकेश्वर को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा के लिए रायपुर रेफर कर दिया गया।
शव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में

बताया जाता है कि मृतक व घायल व्यक्ति नवागांवकला में कन्हैया साहू की पुत्री की शादी कार्यक्रम में शामिल होने आए हुए थे। मृतक देवेन्द्र का नवागांवकला ससुराल है। मृतक का शव संजीवनी 108 से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया गया है। गुरुवार की सुबह शव का पीएम के बाद परिजन को सौंपा जाएगा।
ठेकेदार नहीं मृतक के खिलाफ अपराध कायम
इस मामले में पुलिस ने लापरवाही पूर्वक काम करने वाली निर्माणी एजेंसी के खिलाफ अपराध कायम न कर मृतक के खिलाफ ही जुर्म दर्ज कर लिया है। थान खम्हरिया थाने के जांच अधिकारी केके कुर्रे ने बताया कि फिलहाल मृतक देवेन्द के खिलाफ लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने के कारण प्रकरण दर्ज किया गया। प्रकरण की जांच शुरु कर दी गई है। ठेकेदार की लापरवाही सामने आने पर इसके खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया जाएगा।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो