भिलाई

सप्ताह में एक दिन के पूर्ण लॉकडाउन पर आधा शटर खोलकर दुकानदारी कर रहे थे, निगम ने छापा मारकर 27 से वसूल जुर्माना

लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नगर पालिक निगम की टीम ने छापामार कार्रवाई की। आधा शटर खोलकर व्यावसाय करने एवं मास्क का उपयोग नहीं करने वाले कारोबारियों से अर्थदंड वसूला। (Coronavirus lockdown in chhattisgarh)

भिलाईAug 10, 2020 / 11:51 am

Dakshi Sahu

सप्ताह में एक दिन के पूर्ण लॉकडाउन पर आधा शटर खोलकर दुकानदारी कर रहे थे, निगम ने छापा मारकर 27 से वसूल जुर्माना

भिलाई. लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नगर पालिक निगम की टीम ने छापामार कार्रवाई की। आधा शटर खोलकर व्यावसाय करने एवं मास्क का उपयोग नहीं करने वाले कारोबारियों से अर्थदंड वसूला। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने कोविड-19 के संक्रमण से बचाव को लेकर आदेश जारी किया है। अति आवश्यक सेवाएं को छोड़कर बाकी प्रतिष्ठानों को सप्ताह में छह दिन दुकान खोलने और रविवार के दिन पूर्णतया बंद रखने के आदेश दिए हैं। बावजूद चाय-नाश्ता, होटल, ट्रेडर्स, किराना सहित कुछ अन्य दुकानदार दुकान का आधा शटर खोलकर व्यावसाय कर रहे थे। ऐसे दुकानदारों के खिलाफ जोन आयुक्तों की टीम ने छापामार कार्रवाई की।
नियम का उल्लंघन करने वाले 18 दुकानदारों सहित कुल 27 लोगों से 31,700 रुपए जुर्माना वसूला गया। भिलाई निगम आयुक्त ऋतुराज रघुवंशी के निर्देश पर निगम उपायुक्त अशोक द्विवेदी और नेहरू नगर जोन-1 जोन आयुक्त सुनील अग्रहरि, सहायक राजस्व अधिकारी शरद दुबे की टीम ने आकाशगंगा सब्जी मंडी, सुपेला लक्ष्मी मार्केट, रानी अवंती बाई कोहका चौक, जुनवानी रोड सूर्या माल और नेहरू नगर के दुकानों में छापामार कार्रवाई की। कलेक्टर के आदेश का उल्लंघन कर व्यावसाय करने वाले छह दुकानदारों से 5,500 रुपए जुर्माना वसूला गया।
बिना मास्क लगा घुम रहे थे सार्वजनिक स्थलों पर
भिलाई नगर निगम जोन-2 वैशाली नगर जोन आयुक्त पूजा पिल्ले के नेतृत्व में सहायक राजस्व अधिकारी संजय वर्मा की टीम ने मास्क का उपयोग नहीं करने वाले एवं नियमों का उल्लंघन करने वाले 11 दुकानदारों से 20,700 रूपए जुर्माना वसूल किया। जोन -3 की आयुक्त प्रीति सिंह, सहायक राजस्व अधिकारी परमेश्वर चंद्राकर की टीम ने सार्वजनिक स्थान पर मास्क या अन्य तरीके से चेहरा को ढंका नहीं पाए जाने पर 8 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। उनसे कुल 3000 रुपए जुर्माना वसूला गया। जोन-4 के आयुक्त अमिताभ शर्मा के नेतृत्व में सहायक राजस्व अधिकारी बालकृष्ण नायडू की टीम ने दो व्यापारियों से 2500 रुपए जुर्माना वसूल किया।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.