भीलवाड़ा

करवाचौथ आज रात 8.07 बजे रोहिणी नक्षत्र में होंगे चंद्र दर्शन

महिलाओं ने करवा, शृंगार सामग्री खरीदी

भीलवाड़ाOct 24, 2021 / 08:41 am

Suresh Jain

करवाचौथ आज रात 8.07 बजे रोहिणी नक्षत्र में होंगे चंद्र दर्शन

भीलवाड़ा।
सुहागिन महिलाओं की ओर से मनाया जाने वाला करवाचौथ रविवार को मनाया जा रहा है। अखंड सुहाग के लिए महिलाएं इस दिन निर्जला व्रत रखेंगी। रात में चंद्र दर्शन और पूजन के साथ इसका समापन होगा। इस बार चंद्रोदय रोहिणी नक्षत्र में होगा, वहीं इस दिन सूर्य के अधिपत्य वाला दिवस रविवार रहेगा। इस कारण इस दिन सूर्य व चंद्रदेव दोनों की कृपा बरसेगी।
इस दिन संकष्टी गणेश चतुर्थी भी रहेगी। भगवान गणेश का दिन होने से यह दिवस मंगलकारी रहेगा। ऐसे में सुहागिनों को करवाचौथ पर गणेश, सूर्य और चंद्रदेव का आशीर्वाद मिलेगा। पंडित अशोक व्यास के अनुसार ऐसा संयोग 8 साल बाद बना है। करवा चौथ पर पूजा का विशेष मुहूर्त रविवार शाम 5.43 से लेकर 6.50 बजे तक, चंद्रोदय रात 8.०7 मिनट पर होगा।
व्यास के अनुसार सुबह स्नादि के बाद मम सुख सौभाग्य पुत्र पौत्रादि सुस्थिर श्री प्राप्तये करक चतुर्थी व्रतमहं करिष्ये, मंत्र का जाप कर व्रत का संकल्प लें। चौक बनाकर आसन रखें और गौरी-गणेश की स्थापना करें। गौरी का शृंगार करें। करवा में गेहूं और शक्कर का बूरा भर दें। रोली से करवा पर स्वास्तिक बनाएं। गौरी-गणेश और करवा की पूजा करें। रात में छलनी की ओट से चंद्र दर्शन करें और अघ्र्य दें। मौसम की गड़बड़ी से कई बार चंद्रमा दिखाई नहीं देता। ऐसे में ज्योतिषियों की ओर से बताए समय अनुसार चंद्रमा निकलने की दिशा की ओर पूजा कर अघ्र्य देना चाहिए। इससे दोष नहीं लगता। करवाचौथ रविवार को होने से सूर्य का इस दिन पर विशेष प्रभाव रहेगा। वर्तमान में सूर्य तुला राशि में है। सायंकालीन गोचर में सूर्य पति के स्थान पर ही अवस्थित होगा, इसलिए चंद्रमा को अघ्र्य देते समय सूर्य संबंधी मंत्रों का उच्चारण अवश्य करना भी लाभकारी रहेगा। करवाचौथ को लेकर महिलाओं ने शनिवार को दिन भर खरीदारी की। इसके चलते आजाद चौक में दिन भर भीड़ लगी रही। करवा चौथ के लिए बाजारों में रौनक छा गई है। करवाचौथ में पूजा की थालियों का विशेष महत्व है। वहीं चंद्रमा की पूजा के लिए महिलाएं करवा और चलनी का भी उपयोग करती है। मार्केट में पहली बार पेंटिंग से बनी पूजा की थाली, डिजाइनर करवा और चलनी आई हैं।
बाजार हुए गुलजार
करवा चौथ को लेकर शहर के बाजार गुलजार हैं। खासकर महिलाओं की खूबसूरती में चार चांद लगाने वाले ब्यूटी सैलून और ब्यूटी पार्लर के यहां भी भीड़ लगी रही। इसके चलते महिलाओं को पार्लर पर अपनी बारी का इंतजार करती नजर आई। कुछ दिन बाद दीपावली आने वाली है। रूप चतुर्दशी के लिए ब्यूटी सैलून व पार्लर महिलाओं की खूबसूरती निखारने भी एकदम तैयार हैं।
एक सैलून संचालक के अनुसार स्पेशल ब्राइडल मेकअप, फेशियल एंड ट्रीटमेंट फेशियल, हेयर ट्रीटमेंट, आइब्रो शेपिंग, वैक्सिंग, मेनिक्योर एंड पेडिक्योर, हेयर स्टाइल एंड कटिंग, हेयर कलरिंग, हेयर स्टैचिंग, हेयर प्रीमिंग सहित बजट के मुताबिक कम बजट वाले फेशियल की डिमांड इन दिनों ज्यादा है। बजट के अनुरूप फेशियल, मेकअप के आकर्षक पैकेज में पार्लर मार्केट में उपलब्ध है। करवा चौथ के लिए महिलाओं ने प्री-अपाइटमेंट ले रखे हैं।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.