scriptपूजन भी होगा खास, क्योंकि दशकों में बनता है ऐसा योग | Worship will also be special, because such yoga is formed in decades | Patrika News

पूजन भी होगा खास, क्योंकि दशकों में बनता है ऐसा योग

locationभीलवाड़ाPublished: Oct 21, 2021 08:25:54 am

Submitted by:

Suresh Jain

दीपावली को लेकर तैयारियां जोरों परबाजारों में खरीदारी के लिए बढ़ी रौनक

पूजन भी होगा खास, क्योंकि दशकों में बनता है ऐसा योग

पूजन भी होगा खास, क्योंकि दशकों में बनता है ऐसा योग

भीलवाड़ा।
दीपावली का पर्व धूमधाम से मनाने की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इस साल 4 नवम्बर को दीपावली मनाई जाएगी। इस बार दीपावली पूजन खास होगा। क्योंकि चार ग्रह एक ही राशि में विराजित होंगे। यह संयोग दुर्लभ माना गया है, जो दशकों में कभी-कभी होता है। इसलिए यह दीपावली सुख और सौभाग्य लेकर आएगी। वहीं इस दिन पूजन का महत्व और बढ़ गया है।
दीपावली पर कार्तिक अमावस्या की तिथि पर धन की देवी मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा होती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार दीपावली पर लक्ष्मी पूजन शुभ माना गया है, जो जीवन में खुशहाली लाता है और धन-धान्य से परिपूर्ण बनाता है।
तुला राशि में होंगे चार ग्रह
दीपावली के दिन सूर्य, मंगल, बुध और चंद्रमा एक ही राशि में विराजित होंगे। पंडित अशोक व्यास के अनुसार तुला राशि में चारों ग्रहों के रहने से शुभ परिणाम मिलेंगे। यह भी उल्लेखनीय है कि शास्त्रों में सूर्य को ग्रहों का राजा, मंगल को सेनापति, बुध को राजकुमार और चंद्रमा को ग्रहों में मन का कारक माना गया है। इसलिए ग्रहों की इस दिन की यह स्थिति काफी सुखद है।
दुर्लभ संयोग ऐसे बनाएगा सुखद स्थिति
दीपावली पर एक ही राशि में एक साथ सूर्य, मंगल, बुध और चंद्रमा होने से जातक को धन-लाभ होने की संभावना बनती है। व्यापार और नौकरी में तरक्की के साथ मान-सम्मान और प्रतिष्ठा-पद में वृद्धि के आसार माने गए हैं। कार्तिक मास अमावस्या तिथि 4 नवंबर को सुबह 6.०३ बजे से प्रारंभ होकर 5 नवंबर को मध्यरात्रि बाद 2.४४ बजे समाप्त होगी। दीपावली पर लक्ष्मी पूजन का मुहूर्त शाम 6.११ बजे से रात 8.१९ बजे तक रहेगा। वहीं मध्यरात्रि बाद तक भी तिथि क्षय से पूर्व भी पूजन श्रेष्ठ माना है।
बाजार गुलजार
उधर दीपावली नजदीक आने के साथ ही बाजारों की रौनक बढ़ती जा रही है। खरीदारी के लिए शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्र के लोग भी भीलवाड़ा के बाजारों में पहुंच रहे हैं। दीपावली के लिए अभी सजावटी सामान की खरीदारी पर जोर है। अधिकांश लोगों ने घरों में सफाई के बाद रंग-रोगन के साथ सजाने की तैयारियां शुरू कर दी है। ऐसे में बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है।
सजी दुकानें कर रही आकर्षित
शहर के मुख्य बाजार के व्यापारियों ने दुकानों को आकर्षक रूप से सजाया है। यहां पर कई तरह की वस्तुओं का डिस्प्ले किया गया है, जो ग्राहकों को लुभा रहा है। सजावटी सामान में डेकोरेटिव लाइटिंग सिस्टम के साथ प्लास्टिक के गमले सहित कई तरह की वस्तुओं की खरीदारी की जा रही है।
घरों को करना है रोशन
खासकर घरों में की जाने वाली लाइटिंग को लोग आकर्षक बनाना चाहते हैं। इसलिए इलेक्ट्रिक की दुकानों पर भी खरीदार पहुंच रहे हैं। जैसे-जैस दीपावली नजदीक आ रही है, बाजार अब गुलजार होते जा रहे हैं।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो