भिंड। जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में हो रही बातचीत अचानक हिंसा में तब्दील हो गई। पहले तो दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर लाठियों से हमला किया, बाद एक दूसरे पर फायरिंग कर दी। इस घटना में दोनों ही पक्षों के ग्यारह लोग जख्मी हो गए। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिले के पावई थाना अंतर्गत ग्राम पिथनपुरा के हार में एक ही समुदाय के दो गुटों के बीच पहले लाठियां चलीं बाद में फायरिंग हो गई। इस फसाद में एक पक्ष के आठ तथा दूसरे गुट के तीन लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार मायाराम शर्मा ५२ पुत्र रामभरोसे शर्मा अपने खेत पर पानी दे रहे थे, इसी दौरान उसके ट््यूबवेल पर संत कुमार शर्मा पुत्र जगदीश शर्मा अपने अन्य परिजनों के साथ पहुंचा जहां मुंहवाद के बाद लाठियां चलने लगीं। देखते ही देखते फायरिंग भी शुरू हो गई। इस विवाद में मायाराम शर्मा के गुट से राकेश शर्मा 25 पुत्र मायाराम शर्मा, उमेश शर्मा 35 पुत्र रामभरोसे शर्मा, बृजमोहन शर्मा 25 पुत्र रामभरोसे शर्मा, ब्रह्मा 22 पुत्री रामशरण शर्मा, पिंकी 21 पुत्री मायाराम, ध्रुव शर्मा 20 पुत्र बलवीर शर्मा, विजय शर्मा 21 पुत्र रामशरण शर्मा, लालू 22 पुत्र हरज्ञान शर्मा एवं दूसरे गुट के शिवदत्त शर्मा 60 पुत्र भोगीराम शर्मा, जगदीश शर्मा पुत्र भोगीराम 53 शर्मा एवं संत कुमार शर्मा 28 पुत्र जगदीश प्रसाद शर्मा घायल हो गए। घटना की सूचना उपरांत पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराने के बाद जांच शुरू कर दी है।