scriptDouble Murder : ट्रैक्टर से पाइप कुचला तो गोली मार कर दी हत्या, मृतक के गुस्साए परिजन ने आरोपी को कुल्हाड़ी से काट डाला | double murder in achalpura village of mihona near bhind | Patrika News

Double Murder : ट्रैक्टर से पाइप कुचला तो गोली मार कर दी हत्या, मृतक के गुस्साए परिजन ने आरोपी को कुल्हाड़ी से काट डाला

locationभिंडPublished: Jun 22, 2020 04:28:35 pm

मिहोना थाना अंतर्गत अचलपुरा गांव का मामला
दोनों ही मृतक रिश्ते में थे साड़ू भाई, पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की जांच

Double Murder : ट्रैक्टर से पाइप कुचला तो गोली मार कर दी हत्या, मृतक के गुस्साए परिजन ने आरोपी को कुल्हाड़ी से काट डाला

Double Murder : ट्रैक्टर से पाइप कुचला तो गोली मार कर दी हत्या, मृतक के गुस्साए परिजन ने आरोपी को कुल्हाड़ी से काट डाला

लहार/भिण्ड. जिले के मिहोना थाना अंतर्गत अचलपुरा गांव में ट्रैक्टर का पहिया चढ़ जाने से लेजम टूट जाने पर लेजम स्वामी ने ट्रैक्टर चालक की गोली मारकर हत्या कर दी। हादसे के बाद गुस्साए मृतक के परिजनों ने लेजम स्वामी के घर में घुसकर कुल्हाड़ी मारकर कत्ल कर दिया। दोनों ही मृतक सगे साड़ू भाई हैं। वारदात २१ जून की सुबह करीब 10 बजे की है। पुलिस ने केस दर्ज कर पतारसी शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार 40 वर्षीय रामवीर सिंह यादव पुत्र गोधन सिंह यादव लेजम ट्यूबवेल पर डालकर खेत में पानी दे रहा था, तभी जागेश यादव पुत्र प्रभु यादव उर्फ डंगरिया उधर से ट्रैक्टर लेकर गुजरा जिसके पहिए के नीचे दबकर रामवीर सिंह की लेजम टूट गई। इस बात की जानकारी जब रामवीर सिंह को लगी तो उसने लेजम टूटने को लेकर विवाद खड़ा कर दिया और अपनी लाइसेंसी बंदूक लेकर जागेश के घर पर पहुंच गया। बताया गया है कि जागेश सिंह अपने घर की छत पर खड़ा था जहां से उसने आवाज देकर कहा था कि यदि लेजम टूट गई है तो वह उसका खामियाजा चुका देगा। बावजूद इसके रामवीर सिंह ने उसे नीचे से ही खड़े होकर गोली मार दी। गोली जागेश यादव के सिर में लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद रामवीर सिंह अपने घर में चला गया। मृतक जागेश के गुस्साए परिजनों ने घर में घुसकर रामवीर सिंह पर कुल्हाड़ी से हमला करते हुए उसे भी मौके पर ही ढेर कर दिया।
एक वर्ष पूर्व ही पड़ोसी से साड़ू के रिश्ते में बंधे थे दोनों मृतक

उल्लेखनीय है कि रामवीर सिंह यादव ने एक साल पूर्व ही जागेश का रिश्ता अपनी पत्नी की छोटी बहन से कराया था। कुछ दिनों में हुई शादी के उपरांत रामवीर सिंह व जागेश साड़ू भाई के रिश्ते में बंध गए थे। बताया गया है कि जागेश की शादी को ठीक से एक वर्ष भी पूरा नहीं हो पाया है।
डबल मर्डर के बाद दोनों ही परिवार के पुरुष हुए फरार

विदित हो कि जागेश की गोली लगने से मौत के तत्काल बाद ही प्रीतम सिंह, रणवीर सिंह व रवींद्र सिंह यादव ने हमला कर रामवीर सिंह की हत्या कर दी। बताया गया है कि इस दौरान रामवीर के एक नेत्रहीन भाई के साथ भी मारपीट की गई। वारदात के बाद जहां मृतक जागेश के परिजन फरार हो गए हैं वहीं दूसरे मृतक रामवीर सिंह के घर के पुरुष सदस्य भी फरार हो गए हैं।
मामला आपसी विवाद का था जिसे समझाइश के साथ सुलझाया भी जा सकता था। आवेश में आकर दोनों ही परिवारों ने एक-दूसरे की जान ले ली है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
संजीव कंचन, एएसपी भिण्ड
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो