script

अटेर का दुर्ग, चंबल के घडि़याल के साथ गौरी सरोवर बनेगा पर्यटन केंद्र

locationभिंडPublished: Mar 31, 2021 11:14:09 pm

– पर्यटन विभाग के क्षेत्रीय प्रबंधक ने किया मुआयना, भिण्ड में विधायक संजीव सिंह के साथ देखा सरोवर

अटेर का दुर्ग, चंबल के घडि़याल के साथ गौरी सरोवर बनेगा पर्यटन केंद्र

अटेर का दुर्ग, चंबल के घडि़याल के साथ गौरी सरोवर बनेगा पर्यटन केंद्र

भिण्ड. जिले का अटेर दुर्ग एवं चंबल के घडि़याल व दुर्लभ जलीय जीवों के अलावा भिण्ड शहर का ऐतिहासिक गौरी सरोवर भी पर्यटन का केंद्र बनेगा। इसके लिए बुधवार को भिण्ड विधायक के साथ पर्यटन विभाग के रीजनल मैनेजर ने स्थल निरीक्षण किया।
स्थानीय विधायक संजीव सिंह कुशवाह एवं पर्यटन विभाग के रीजनल मैनेजर एमडी राणा ने 31 मार्च की सुबह 11 बजे स्थानीय लोगों के साथ गौरी सरोवर के सभी केंद्रों का भौतिक रूप से निरीक्षण किया। इस मौके पर स्थानीय लोगों से सुझाव भी मांगे। इस दौरान रीजनल मैनेजर ने विधायक से स्थानीय लोगों से सहयोग लेकर पहल करने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि आप जिस तरह से शहर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के प्रयास करेंगे उसमें पर्यटन विभाग का पूर्ण सहयोग रहेगा। इसके लिए स्थानीय स्तर से कार्ययोजना तैयार कर पर्यटन विभाग को भिजवाई जाएगी।
गौरी सरोवर किनारे बनेगा फूड जोन

विधायक संजीव सिंह कुशवाहा के अनुसार गौरी सरोवर को आकर्षण का केंद्र बनाने के लिए गौरी किनारे के एक बड़े हिस्से पर फूड जोन बनाया जाएगा। सरोवर के पानी को स्वच्छ करने के लिए सीवर ट्रीटमेंट प्लांट के लिए नगर पालिका से प्रस्ताव तैयार कराया जाएगा। इतना ही नहीं सरोवर में वाटर स्पोट्र्स की गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाएगा। इसके लिए प्रशासन से कार्य योजना शीघ्र तैयार कराई जाएगी।
अटेर दुर्ग और चंबल के घडि़याल भी देखे

पर्यटन विभाग की रीजनल मैनेजर एमडी राणा ने कलेक्टर सतीश कुमार एस एवं वाटर स्पोट्र्स क्लब के संचालक राधेगोपाल यादव के साथ पर्यटन की संभावनाओं के तहत सबसे पहले बरही क्षेत्र का मुआयना किया। तदुपरांत अटेर के दुर्ग की नक्काशी और दुर्गम बीहड़ का नजारा किया। इतना ही नहीं उन्होंने चंबल नदी पर पहुंचकर दुर्लभ जलीय जीवों के साथ चंबल के रेत में धूप सेक रहे घडि़यालों को नजदीकी से देखा।
चार पहिए ठेले के जमावड़े से मिलेगी निजात

विदित हो कि गौरी सरोवर किनारे फूड जोन बनने के उपरांत शहर के सदर बाजार, गांधी मार्केट, हनुमान बजरिया, बतासा बाजार, पुस्तक बाजार, लश्कर रोड, इटावा रोड एवं अटेर रोड आदि स्थानों पर लगने वाले चार पहिया ठेलों के जमावड़े से निजात मिलेगी। चाट, फास्टफूड, पानी पूरी, फल, कुल्फी एवं स्वल्पाहार की विभिन्न दुकानों को आकर्षक अंदाज में गौरी सरोवर पर लगाया जाएगा।
पुल भी कराएंगे पूरा

विधायक ने गौरी सरोवर के पश्चिमी दिशा में धर्मपुरी के पीछे अधूरे पड़े पुल को पूरा कराने का आश्वासन भी दिया। उन्होंने बताया कि पुल निर्माण से कब्रिस्तान तक जाने वालों को एक से डेढ़ किमी दूरी का चक्कर बचेगा।

ट्रेंडिंग वीडियो